Indore News: प्रेमानंद महाराज से मिलने घर छोड़ गया 16 साल का छात्र, इंदौर से 1200 KM दूर मिला; जेब में थे सिर्फ 500 रुपये

इंदौर का एक 16 वर्षीय किशोर प्रेमानंद महाराज से मिलने घर से मथुरा और फिर गुप्तकाशी पहुंचा गया. परिजनों की सूचना पर खजराना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए उसे सुरक्षित ढूंढ निकाला.

इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में रहने वाला 16 वर्षीय किशोर घर से बिना बताए निकलकर मथुरा होते हुए गुप्तकाशी पहुंच गया था. पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए किशोर को सुरक्षित ढूंढकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. किशोर प्रेमानंद महाराज से मिलने के लिए घर से निकला था.

घर छोड़ने से पहले उसने एक पत्र भी लिखा था, जिसमें आध्यात्मिक भावनाओं का जिक्र करते हुए प्रेमानंद महाराज से मिलने की बात कही थी. जब परिजनों को यह पत्र मिला और बच्चे के घर पर नहीं होने का पता चला तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. परिजनों से मुताबिक वह घर से करीब 1000 रुपए लेकर निकला था.

मथुरा पहुंचा, लेकिन नहीं हो पाई मुलाकात

सूचना मिलने के बाद खजराना थाना पुलिस और परिजनों ने किशोर की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि वह मथुरा पहुंचा था, जहां वह प्रेमानंद महाराज से मिलने गया था. हालांकि वहां उसकी मुलाकात प्रेमानंद से नहीं हो सकी.

कैसे मिला सुराग?

मथुरा से आगे बढ़कर किशोर उत्तराखंड के गुप्तकाशी पहुंच गया. वहां उसने एक मंदिर में पूजा करने की इच्छा जताई, लेकिन मंदिर प्रशासन ने पहचान के लिए आईडी मांगी. किशोर के पास कोई पहचान पत्र नहीं था, इसलिए उसने आधार कार्ड मंगाने के लिए अपने परिजनों को फोन किया.

फोन से मिली लोकेशन

किशोर के फोन करने पर परिजनों को उसकी लोकेशन का पता चला और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से गुप्तकाशी में खोजबीन कर किशोर को सुरक्षित बरामद कर लिया.

पुलिस ने किशोर को सकुशल परिजनों को सौंप दिया. परिवार ने पुलिस की तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि बच्चे और उसके परिजनों को समझा दिया गया है कि भविष्य में बिना बताए घर छोड़कर जाने से कई तरह की परेशानियां और खतरे पैदा हो सकते हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.