Jalandhar News: जालंधर में दर्दनाक हादसा! छत तोड़ते समय नीचे गिरे चाचा-भतीजे; मलबे में दबकर दोनों की मौत

जालंधर में एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में पुरानी छत तोड़ने के दौरान अचानक छत गिरने से चाचा-भतीजे मलबे के नीचे दब गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

पंजाब के जालंधर शहर के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में एक दर्दनाक हादसे में चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ, जब दोनों पुरानी छत तोड़ने का काम कर रहे थे और अचानक छत भरभराकर गिर गई. मृतकों की पहचान 38 वर्षीय दिनेश साहनी और 33 वर्षीय राजा साहनी के रूप में हुई, जो हाल ही में बुलंदपुर में रह रहे थे. दोनों मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के कमला भगवानपुर गांव के निवासी थे.

छत तोड़ने के दौरान हुआ हादसा

परिवार के अनुसार, राजा साहनी अपने चाचा के साथ ट्रांसपोर्ट नगर में एक ठेकेदार के पास छत तोड़ने का काम करने गए थे. इसी दौरान अचानक छत गिर गई और दोनों मलबे के नीचे दब गए. हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक राजा साहनी की पत्नी प्रमिला देवी ने आरोप लगाया कि यह काम मशीन (जेसीबी) से किया जाना था, लेकिन ठेकेदार ने मजदूरों से हाथों से काम करवाया.

ASI गुरमेल सिंह ने दी जानकारी

उन्होंने ठेकेदार और मकान मालिक की लापरवाही को हादसे का कारण बताया और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई.थाना नंबर-8 के जांच अधिकारी ASI गुरमेल सिंह के अनुसार, पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर ठेकेदार और मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.