Jharkhand Triple Murder: झारखंड में अंधविश्वास का खूनी खेल; पति-पत्नी और मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या, इलाके में सनसनी

झारखंड के गोड्डा में डायन-बिसाही के शक में पति, पत्नी और उनके 13 साल के बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई.

झारखंड के गोड्डा जिले से ट्रिपल मर्डर की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां देवडांड थाना क्षेत्र के बिशन टोला डंगा में डायन-बिसाही के शक में एक दंपति और उनके मासूम बेटे की कुल्हाड़ी (टंगी) से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई. इस तिहरे हत्याकांड के बाद गांव में भारी तनाव व्याप्त है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 50 वर्षीय दरबारी मुर्मू, उनकी 45 वर्षीय पत्नी मक्कू बास्की और उनके महज 12-13 वर्षीय बेटे जीतनारायण मुर्मू के रूप में हुई है.

हमलावरों ने आधी रात के अंधेरे में टंगी (कुल्हाड़ी) से वार कर तीनों को मार डाला. घटना की जानकारी तब मिली जब स्थानीय चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी. ट्रिपल मर्डर की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर पर धावा बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की. ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपियों ने नशे की हालत में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया है. स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है.

डायन-बिसाही का शक

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा के एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी और कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला डायन-बिसाही (अंधविश्वास) से जुड़ा लग रहा है. हालांकि, पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य सभी पहलुओं पर भी गहनता से जांच कर रही है.

3 आरोपी पुलिस हिरासत में

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. ग्रामीणों की मांग है कि इस निर्मम हत्याकांड के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.

Leave A Reply

Your email address will not be published.