Kanpur News: सड़क पर मजाक पड़ा भारी, दुकानदार ने पीट-पीटकर तोड़ डाले ग्राहक के दांत

कानपुर के रावतपुर में सड़क की हालत पर मजाक करने पर दुकानदार और उसके बेटे ने ग्राहक को बेरहमी से पीटा। पीड़ित के 3 दांत टूटे, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

कानपुर जिले में शहर की जर्जर और खस्ता हाल सड़कें अब सिर्फ लोगों की परेशानी का कारण नहीं, बल्कि विवाद और हिंसा की वजह भी बनती नजर आ रही हैं. कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में सड़क की खराब हालत पर मजाक करना एक ग्राहक को इतना भारी पड़ गया कि दुकानदार और उसके बेटे ने कथित तौर पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया.

जानकारी के अनुसार रावतपुर थाना क्षेत्र के शारदा नगर निवासी अमित सिंह, जो एक प्राइवेट कर्मचारी हैं. रविवार दोपहर पास की जनरल स्टोर पर दूध लेने पहुंचे थे. इसी दौरान लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर उन्होंने दुकानदार संजय सिंह भदौरिया से मजाकिया अंदाज में पूछा, भैया क्या अब यह सड़क बनने जा रही है.

अचानक आगबबूला हो गया दुकानदार

बताया जा रहा है कि इस बात पर दुकानदार अचानक आगबबूला हो गया और अमित से बहस करने लगा. पीड़ित अमित सिंह का आरोप है कि बात बढ़ने पर दुकानदार संजय सिंह ने अपने बेटे सौरभ के साथ मिलकर उन्हें दुकान के अंदर घसीट लिया और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की.

मारपीट के दौरान ग्राहक गंभीर रूप से घायल हो गया और उनके मुंह के तीन दांत टूट गए. पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने टूटे हुए दांत उनके हाथ में देते हुए तंज कसा और कहा कि हां, सड़क बन रही है, अब जहां जाना हो जाओ.

दोनों पक्षों को थाने ले गई पुलिस

घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही रावतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई.

इसी दौरान पीड़ित ने थाने के भीतर से अपने साथ हुई मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया.

थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामूली बात पर विवाद हुआ था. मारपीट के दौरान अमित के दांत टूटे हैं. तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.