Kurukshetra Crime: ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर उज्बेकिस्तान में युवक का अपहरण; एजेंट ने रची साजिश, परिवार से मांगी ₹50 लाख फिरौती
कुरुक्षेत्र के थडौली गांव के एक युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर उज्बेकिस्तान भेजकर अगवा कर लिया गया। आरोपियों ने परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। एजेंट कर्म सिंह और अन्य के खिलाफ अपहरण और ठगी का मामला दर्ज। जानें क्या है पूरी घटना।
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर ठगी और अपहरण का मामला सामने आया है। जिले के इस्माइलाबाद क्षेत्र के एक युवक को एजेंट ने ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर उज्बेकिस्तान भेज दिया, जहां उसका कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने अब परिवार से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी है और पैसे नहीं देने पर युवक को जान से मारने की धमकी दी है।
जानकारी के अनुसार बख्शीश सिंह निवासी गांव थडौली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा बेटा नवजीत सिंह (25) ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था। इसके लिए परिवार ने मोहाली जिले के एजेंट कर्म सिंह से संपर्क किया। एजेंट ने 20 लाख रुपए में युवक को ऑस्ट्रेलिया पहुंचाने का वादा किया था और रकम बाद में देने की बात तय हुई थी। पीड़ित के अनुसार, एजेंट कर्म सिंह ने नवजीत का पासपोर्ट जसकरण सिंह को दे दिया।
करीब 10 घंटे बाद विदेश से आया फोन
28 फरवरी को कर्म सिंह, जसकरण सिंह और एक महिला उनके घर आए और नवजीत को अपने साथ दिल्ली ले गए। यहां से उसे उज्बेकिस्तान की फ्लाइट में बैठा दिया गया। आरोपियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वहां 2-3 घंटे रुकने के बाद उसे ऑस्ट्रेलिया भेज दिया जाएगा। शिकायत के मुताबिक, करीब 10 घंटे बाद विदेश से परिवार के पास फोन आया।
कॉल करने वालों ने खुद को बाबा खान और अकबर खान बताते हुए 50 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने धमकी दी कि नवजीत सिंह उनके कब्जे में है और यदि जल्द पैसे नहीं भेजे गए तो उसे जान से मार दिया जाएगा। फोन आने के बाद परिवार घबरा गया और एजेंट से संपर्क किया, लेकिन एजेंट टालमटोल करने लगा। इसी दौरान परिवार को दोबारा फोन कर धमकाया गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।