Kurukshetra Murder Case: कुरुक्षेत्र में 4 बच्चों के पिता की बेरहमी से हत्या, इस हालत में मिला शव; इलाके में फैली सनसनी

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के दुराला गांव में चार बच्चों के पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। मृतक का शव गांव के पास स्थित खेत में ट्यूबवेल कोठे के पीछे बरामद हुआ।

कुरुक्षेत्र  : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के दुराला गांव में चार बच्चों के पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। मृतक का शव गांव के पास स्थित खेत में ट्यूबवेल कोठे के पीछे बरामद हुआ। शव के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान जय भगवान उर्फ काला (40) निवासी दुराला के रूप में हुई है। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार जय भगवान 25 फरवरी की रात करीब 9 बजे घर से गांव की ओर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। अगले दिन दोपहर करीब 3 बजे गांव के ही सुमित और विशाल ने मृतक के छोटे भाई करमजीत उर्फ मुंदरी को सूचना दी कि जय भगवान खेत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही करमजीत मौके पर पहुंचा, जहां उसने अपने भाई का शव देखा। करमजीत ने बताया कि गले पर चोट के स्पष्ट निशान थे, जिससे प्रतीत होता है कि उसकी हत्या की गई है। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। परिजनों के अनुसार वह नशा करने का आदी था, हालांकि परिवार ने फिलहाल किसी पर सीधा शक जाहिर नहीं किया है।

सूचना मिलते ही थाना झांसा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना झांसा के एसएचओ मांगेराम ने बताया कि शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम करवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.