Kurukshetra Property Fraud: कुरुक्षेत्र में 20 साल बाद खुला प्रॉपर्टी धोखाधड़ी का राज; प्लॉट दिखाकर हड़पे पैसे, रजिस्ट्री के नाम पर महिला से ठगी

कुरुक्षेत्र के नरकातारी में प्लॉट बेचने के नाम पर महिला से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने 2006 में जो प्लॉट महिला को बेचा, वह पहले ही किसी और के नाम था। निर्माण कार्य शुरू करने पर हुआ बड़ा खुलासा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र शहर में करीब 20 साल पुरानी प्रॉपर्टी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्लॉट विक्रेता ने प्रॉपर्टी डीलर के साथ मिलकर एक महिला को प्लॉट बेचने का झांसा देकर उससे पैसे ले लिए, जबकि वही प्लॉट पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेचा जा चुका था। जब महिला ने हाल ही में प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू करवाया तो पूरा मामला सामने आया।

सेक्टर-3 निवासी कमलेश कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने वर्ष 2006 में उमा शर्मा से नरकातारी गांव में स्थित प्लॉट नंबर 56 खरीदा था। यह प्लॉट उसे महेंद्रपाल और रामगोपाल ने दिखाया था और उन्हीं के कहने पर उसने यह जमीन खरीदी थी। महिला के अनुसार प्लॉट खरीदते समय आरोपियों ने पीपल के पेड़ के सामने वाले प्लॉट की ओर इशारा करते हुए उसे प्लॉट नंबर 56 बताया था। उस समय आसपास कोई मकान नहीं था और कॉलोनी का कोई नक्शा भी उपलब्ध नहीं कराया गया था। जब उसने प्लॉट की पैमाइश करवाने की बात कही तो आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि इसकी जरूरत नहीं है। बाद में आरोपियों ने उसकी रजिस्ट्री भी करवा दी।कमलेश कुमारी ने बताया कि हाल ही में जब उसने अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू करवाया तो पता चला कि जिस जगह पर वह निर्माण करवा रही थी वह प्लॉट नंबर 57 है, जबकि प्लॉट नंबर 56 पर पहले से ही मकान बना हुआ है।

जांच करने पर सामने आया कि प्लॉट नंबर 56 को 8 मई 2006 को संतोष रानी ने मोहन लाल को बेच दिया था। यानी महिला द्वारा प्लॉट खरीदने से करीब दो महीने पहले ही वह प्लॉट किसी अन्य व्यक्ति के नाम हो चुका था। महिला का आरोप है कि जब उसने विक्रेता उमा शर्मा से इस बारे में बात की तो उसने अपने बेटे राजीव से बात करवाई। राजीव ने कहा कि प्लॉट की बिक्री महेंद्रपाल ने करवाई थी। जब कमलेश कुमारी ने अपने पैसे ब्याज समेत लौटाने और रजिस्ट्री रद्द करवाने की बात कही तो उसे धमकियां दी जाने लगीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना केयूके में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.