LPG Crisis: एलपीजी की कमी पर अरविंद केजरीवाल का बड़ा हमला; बोले- 50% गिरा उत्पादन, बंद होने की कगार पर हैं हजारों रेस्टोरेंट और ढाबे

अरविंद केजरीवाल ने देश में रसोई गैस संकट पर गहरी चिंता जताते हुए दावा किया है कि एलपीजी उत्पादन 50% तक गिर गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि गैस की कमी से होटल, रेस्टोरेंट और शादी-ब्याह के आयोजन बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, जिससे लाखों लोगों की रोजी-रोटी पर खतरा मंडरा रहा है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने एलपीजी संकट पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि देश इस समय एक ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरत भी लोगों को आसानी से उपलब्ध नहीं हो रही. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में एलपीजी का उत्पादन लगभग 50 प्रतिशत तक घट चुका है, जिसके कारण हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं. इस कमी का सबसे बड़ा असर आम लोगों और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है.

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, क्लाउड किचन और छोटे फूड कारोबार एलपीजी पर ही निर्भर रहते हैं. लेकिन अब सरकार के आदेश के बाद कई जगहों पर रेस्टोरेंट और होटलों को एलपीजी सिलेंडर तक नहीं मिल रहे. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में हजारों छोटे कारोबार बंद होने की कगार पर हैं. कई जगहों पर सिर्फ 2 से 4 दिन का ही गैस स्टॉक बचा है.

रोज़ी-रोटी पर भी सीधा खतरा

आप नेता ने कहा कि इस संकट की वजह से लाखों लोगों की रोज़ी-रोटी पर भी सीधा खतरा मंडरा रहा है. फूड इंडस्ट्री और उससे जुड़े कारोबारों में काम करने वाले बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार होने के डर में जी रहे हैं. केजरीवाल ने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो लाखों परिवारों की आय का स्रोत खत्म हो सकता है.

उन्होंने यह भी कहा कि इस समय पूरे देश में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है और अगर गैस की सप्लाई इसी तरह प्रभावित रही तो लोगों को अपने पारिवारिक समारोह तक टालने पड़ सकते हैं. उनके मुताबिक यह सिर्फ आर्थिक संकट नहीं बल्कि सामाजिक संकट भी बनता जा रहा है.

राजनीतिक मुद्दा नहीं, हर घर की परेशानी

सोशल मीडिया पर लोग बड़ी संख्या में इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि जब रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरत पर संकट खड़ा हो जाए तो यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं रह जाता, बल्कि हर घर की परेशानी बन जाता है.

इसी वजह से #KejriwalOnLPGShortage ट्रेंड कर रहा है. बड़ी संख्या में लोग केजरीवाल के बयान को साझा कर रहे हैं और सरकार से जवाब मांग रहे हैं कि आखिर देश को एलपीजी की इतनी बड़ी कमी का सामना क्यों करना पड़ रहा है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.