Mahoba News: नपुंसकता से तंग आकर 10 माह पहले शादी हुए युवक ने दी जान
महोबा के भंडरा गांव में शादी के 10 महीने बाद युवक ने की आत्महत्या। नपुंसकता और शारीरिक कमजोरी के कारण मानसिक तनाव में था युवक। पुलिस जांच में जुटी।
महोबा में 28 वर्षीय नवविवाहित युवक ने नपुंसकता से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. शादी के महज 10 माह बाद ही युवक शारीरिक कमजोरी और मानसिक हताशा का शिकार हो गया था. इलाज के बावजूद बीमारी के तनाव ने उसे मौत को गले लगाने पर मजबूर कर दिया.
घटना महोबा जनपद के श्रीनगर थाना क्षेत्र के भंडरा गांव की है. 28 वर्षीय युवक का शव जब घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला, तो खुशियों वाले घर में मातम छा गया.
अजय की शादी महज 10 महीने पहले ही मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली युवती से हुई थी. शादी के शुरुआती दिन किसी फिल्मी सपने की तरह थे. दोनों पति-पत्नी सोशल मीडिया पर रील बनाकर अपना प्यार जाहिर करते थे, लेकिन इस खुशहाल जिंदगी को अचानक किसी की नजर लग गई.
मृतक के पिता राजकुमार ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद अजय शारीरिक रूप से नपुंसकता का शिकार हो गया. यह बीमारी अजय के लिए केवल शारीरिक कष्ट नहीं, बल्कि एक गहरा मानसिक घाव बन गई. पिता राजकुमार बताते हैं कि अजय हरियाणा में मजदूरी करता था और परिवार का सहारा था.
बीमारी का पता चलने पर उसका इलाज एक वैद्य के पास कराया जा रहा था, जिससे उसे सुधार भी महसूस हो रहा था. लेकिन अजय अंदर ही अंदर इस बात से टूट चुका था.
घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था. पिता अपनी बहू को मायके छोड़ने गए थे. सूने घर में अजय ने मौत का रास्ता चुन लिया. जब पिता घर लौटे तो बेटे को फंदे पर लटका देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. महज 10 महीने के भीतर ही सुनीता का सुहाग उजड़ गया है और उसका रो-रोकर बुरा हाल है.
इस घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और गंभीर बीमारियों से उपजी हताशा पर चर्चा छेड़ दी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस खौफनाक कदम ने एक हंसते-खेलते परिवार को ताउम्र का दर्द दे दिया है.