Moradabad News: मुरादाबाद में गैस एजेंसी पर आधी रात को रेड; स्टॉक में कम मिले सिलेंडर, DSO ने मौके पर जड़ा ताला

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में भावना भारत गैस एजेंसी पर जिला आपूर्ति अधिकारी ने छापेमारी कर गोदाम को सील कर दिया. जांच में सिलेंडरों की हेराफेरी और रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी पाई गई.

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में एलपीजी गैस वितरण में धांधली और कालाबाजारी की शिकायतों पर प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) अजय प्रताप सिंह ने अपनी टीम के साथ ठाकुरद्वारा स्थित भावना भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर अचानक छापेमारी की. रात के अंधेरे में हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके के गैस विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है.

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि उन्हें लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि एजेंसी सिलेंडरों की हेराफेरी कर रही है और उन्हें निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक दाम पर बेचा जा रहा है. जांच के दौरान जब टीम ने पिछले तीन दिनों की बुकिंग पर्चियां और आवश्यक दस्तावेज मांगे, तो एजेंसी संचालक उन्हें पेश करने में पूरी तरह विफल रहे.

छोटे सिलेंडरों की हेराफेरी का शक

भौतिक सत्यापन के दौरान गोदाम में 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों का स्टॉक भी रिकॉर्ड के अनुसार पूरा नहीं मिला. जब टीम ने इस पर सवाल किया, तो संचालक ने वाहन पंचर होने का बहाना बनाकर देरी की बात कही. हालांकि, अधिकारी इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और प्रथम दृष्टया इसे गंभीर विसंगति माना.

देर रात जड़ा ताला, सुबह फिर होगी जांच

संतोषजनक दस्तावेज न मिलने और रिकॉर्ड में भारी अंतर के कारण प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से गोदाम को सील कर दिया है. जिला आपूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने कहा- एजेंसी संचालक बुकिंग पर्चियों का मिलान करने में विफल रहे हैं. रात में प्रकाश की कमी के कारण वर्तमान में गोदाम को सील किया गया है. कल सुबह पुनः पूरे स्टॉक का गहन भौतिक सत्यापन किया जाएगा और गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे.

अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि कल सुबह की जांच में भी स्टॉक और कागजी दस्तावेजों में सुधार नहीं पाया गया, तो एजेंसी संचालक के विरुद्ध कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.