NEET छात्रा मौत केस: शंभू हॉस्टल मामले में भाई का मोबाइल जब्त, घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

पटना के शंभू हॉस्टल में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है. छात्रा के भाई का मोबाइल जब्त किया गया है और परिजनों को मिल रही धमकियों के बीच घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

पटना के शंभू हॉस्टल में नीट छात्रा की संदिग्ध हालात में हुई मौत की जांच में जुटी सीबीआई की टीम जब दूसरी बार छात्रा के पैतृक गांव पहुंची, तो देर रात तक लगभग 5 घंटे से अधिक समय तक परिजनों से पूछताछ की. सीबीआई की टीम लगभग 3 बजे छात्रा के गांव पहुंची थी और छात्रा के भाई, पिता एवं मां से काफी देर तक पूछताछ की.

पूछताछ के बाद देर रात छात्रा के भाई का मोबाइल एवं अन्य सामग्री जब्त कर अपने साथ पटना ले गई. बताया जाता है कि जब सीबीआई ने मृत छात्रा के भाई से उसका मोबाइल मांगा तो उसने मोबाइल खराब होने की बात कही. सीबीआई को संदेह हुआ कि वह झूठ बोल रहा है, इसलिए टीम उसे उस दुकान पर ले गई जहां मोबाइल ठीक कराने के लिए दिया गया था.

वहां से मोबाइल बरामद होने पर उसे जब्त कर लिया गया. अनुसंधान के लिए कॉल डिटेल, चैट डिटेल सहित कई अहम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. क्योंकि 27 दिसंबर को मृतका अपने भाई के साथ शंभू गर्ल्स हॉस्टल से गांव गई थी, फिर 5 जनवरी को वह पटना हॉस्टल लौट आई थी.

बंद घर में सीबीआई ने की बात

मृत छात्रा के पिता ने बताया कि सीबीआई टीम के सदस्य घर पहुंचे और घर को बंद कर परिवार के लोगों से देर रात तक गहन बातचीत की. 6 सदस्यीय टीम ने अपनी कार्यशैली के अनुसार जांच की और देर रात पटना लौट गई. पिता ने कहा कि टीम ने कुछ खास जानकारी साझा नहीं की. बुधवार को छात्रा के मामा को पटना बुलाया गया है.

 

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जहानाबाद जिला मुख्यालय के देवरिया मोहल्ला में भी एक टीम पहुंची और मंगलवार को हॉस्टल में साथ रहने वाली छात्रा की एक सहेली से बातचीत कर जरूरी जानकारियां जुटाईं. हालांकि छात्रा की सहेली से किस एजेंसी ने पूछताछ की, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है.

 

बताया जा रहा है कि उक्त छात्रा के पिता ने ही सबसे पहले मृत छात्रा के परिवार को उसके बीमार होने की सूचना दी थी. इसी कड़ी में सहेली से भी पूछताछ की गई है. तीन दिनों के भीतर सीबीआई टीम का दूसरी बार गांव पहुंचना और विस्तृत जानकारी जुटाना इस ओर इशारा करता है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. आने वाले दिनों में छात्रा की मौत के कारणों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है.

 

वहीं परिजनों को बार-बार मिल रही धमकियों को देखते हुए घर पर एक एसआई, दो होमगार्ड और एक चौकीदार की तैनाती कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.