Palwal News: जल टैंक में डूबने से बच्चे की मौत पर एक्शन; मंत्री रणबीर गंगवा ने SDO और JE को किया सस्पेंड, एक्सियन को नोटिस

पलवल के गोबिंद नगर बूस्टिंग स्टेशन के खुले टैंक में डूबने से 11 वर्षीय शिवम की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई। जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने लापरवाही बरतने पर SDO और JE को सस्पेंड कर दिया है। ठेकेदार फर्म के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

चंडीगढ़ : जन स्वास्थ्य और लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने पलवल के गोबिंद नगर (कैलाश नगर) स्थित बूस्टिंग स्टेशन में हुई गंभीर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की है। मंत्री ने एस. डी. ओ. प्रीति और जे.ई. रामबीर सिंह को निलंबित कर दिया है। संबंधित एक्सियन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई 26 फरवरी को अंडरग्राऊंड वाटर टैंक में डूबने से 11 वर्षीय शिवम की मौत के बाद की गई।

मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिले सहित प्रदेश के सभी बूस्टिंग स्टेशनों व जल टैंकों का विशेष निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, खुले जलाशयों को तत्काल सुरक्षित करने और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात भी दोहराई गई है।

गौरतलब है कि 26 फरवरी की शाम शिवम करीब साढ़े 5 बजे घर से खेलने निकला था। बूस्टर परिसर में टैंक के होल पर न तो ढक्कन था और न जाली, जिससे वह पानी में गिर गया। परिजनों का आरोप है कि निर्माण एजेंसियों को कई बार ढक्कन लगाने के लिए कहा गया लेकिन सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। कैंप थाना पुलिस ने मृतक की मां रीना की शिकायत पर हरिओम इंजीनियर मैसर्ज होरिकाम इंजीनियर्स व सिल्पा होरिकाम जेवी, हैदराबाद के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.