PM Modi Malaysia Visit: दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर रवाना हुए पीएम मोदी, सुरक्षा और आर्थिक रिश्तों पर रहेगा जोर
प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया दौरे पर हैं, इस दौरान भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित रहने की संभावना है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं. उनका यहा दौरा दो दिनों का रहने वाला है. प्रधानमंत्री ने आधिकारिक यात्रा पर रवाना होने से पहले एक वक्तव्य जारी किया है. जिसमें बताया गया है कि यह यात्रा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर हो रही है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के ऐतिहासिक संबंधों ने हाल के सालों में सतत प्रगति देखी है. उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ होने वाली वार्ता की प्रतीक्षा जताई, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाना है. इस दौरान रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को गहरा करने, आर्थिक व नवाचार साझेदारी बढ़ाने तथा सहयोग को नए क्षेत्रों में विस्तारित करने पर ध्यान दिया जाएगा.
मलेशिया में भारतीय समुदाय से मुलाकात का उत्साह
प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य में मलेशिया में रह रहे भारतीय समुदाय से मिलने की अपनी उत्सुकता भी बयान की. लगभग 30 लाख की आबादी वाला यह समुदाय दुनिया में भारतीय प्रवासियों के सबसे बड़े समूहों में से एक है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मलेशिया के विकास में इस समुदाय का अमूल्य योगदान है और यह समुदाय दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु का कार्य करता है, जो हमारी ऐतिहासिक मित्रता की मजबूत बुनियाद है.
प्रधानमंत्री का मलेशिया दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मलेशिया दौरा 7-8 फरवरी 2026 को हो रहा है. यह उनकी तीसरी मलेशिया यात्रा है, लेकिन अगस्त 2024 में दोनों देशों के बीच संबंधों को Comprehensive Strategic Partnership (व्यापक रणनीतिक साझेदारी) में अपग्रेड करने के बाद पहली उच्च-स्तरीय यात्रा है. यह दौरा मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर है और इसमें कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर फोकस रहने की संभावना है.