Poco X8 Pro Series Launch: 17 मार्च को लॉन्च होगी पोको की नई पावरफुल सीरीज; 8500mAh बैटरी और Dimensity 9500s से होगी लैस

Poco X8 Pro Series की लॉन्च डेट का आधिकारिक ऐलान हो गया है। 17 मार्च को पेश होने वाले इस सीरीज में Poco X8 Pro और Pro Max मॉडल शामिल होंगे। जानें इन स्मार्टफोन्स की संभावित कीमत, 8500mAh बैटरी, और पावरफुल मीडियाटेक प्रोसेसर से जुड़ी सभी लीक जानकारियां।

स्मार्टफोन ब्रांड पोको ने अपनी नई Poco X8 Pro Series की लॉन्च डेट आधिकारिक तौर पर घोषित कर दी है. कंपनी इस सीरीज को 17 मार्च को ग्लोबल मार्केट में पेश करने जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस लाइनअप में Poco X8 Pro और Poco X8 Pro Max जैसे दो मॉडल शामिल हो सकते हैं. लॉन्च से पहले ही इन स्मार्टफोन्स की कीमत, प्रोसेसर और बैटरी से जुड़ी कई अहम जानकारी सामने आ चुकी है.

कब होगा Poco X8 Pro Series का लॉन्च

Poco ने घोषणा की है कि उसकी नई X सीरीज के स्मार्टफोन 17 मार्च को लॉन्च किए जाएंगे. कंपनी इस लॉन्च इवेंट को ऑनलाइन आयोजित करेगी, जो भारतीय समय के अनुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगा. कंपनी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में संकेत दिया है कि आने वाले स्मार्टफोन परफॉर्मेंस पर खास ध्यान देंगे. हालांकि अभी तक पोको ने फोन के पूरे स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है, लेकिन लॉन्च से पहले कई जानकारियां लीक हो चुकी हैं.

मिलेगा पावरफुल प्रोसेसर

रिपोर्ट्स के अनुसार Poco X8 Pro Series में मीडियाटेक के नए चिपसेट इस्तेमाल किए जा सकते हैं. Poco X8 Pro में Dimensity 8500 Ultra प्रोसेसर मिलने की संभावना है, जबकि Poco X8 Pro Max में ज्यादा पावरफुल Dimensity 9500s चिपसेट दिया जा सकता है. Geekbench पर सामने आई जानकारी के मुताबिक Poco X8 Pro Max Android 16 पर चल सकता है और इसमें लगभग 12GB रैम दी जा सकती है. इस फोन ने सिंगल कोर टेस्ट में 2659 और मल्टी कोर टेस्ट में 8386 का स्कोर हासिल किया है, जो इसकी मजबूत परफॉर्मेंस की ओर इशारा करता है.

कीमत और स्टोरेज

हाल ही में Poco X8 Pro और Poco X8 Pro Max को शाओमी बेल्जियम वेबसाइट पर भी देखा गया था, जहां इनकी संभावित कीमत की जानकारी सामने आई. रिपोर्ट के अनुसार Poco X8 Pro Max के 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत करीब 529 यूरो यानी लगभग 57,000 रुपये हो सकती है. वहीं इसके 12GB रैम और 512GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत करीब 579 यूरो यानी लगभग 62,000 रुपये बताई जा रही है. दूसरी ओर Poco X8 Pro की शुरुआती कीमत करीब 399 यूरो यानी लगभग 43,000 रुपये हो सकती है. दोनों फोन ब्लैक, व्हाइट और ग्रीन रंगों में उपलब्ध हो सकते हैं.

डिस्प्ले, कैमरा और बैटरी

Poco X8 Pro में 6.59 इंच का 1.5K OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है. इसके साथ 50 मेगापिक्सल का ड्यूल रियर कैमरा सेटअप मिलने की उम्मीद है. बैटरी की बात करें तो इसमें 6500mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है, जो 100W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट कर सकती है. वहीं Poco X8 Pro Max में इससे बड़ा 6.83 इंच का 1.5K OLED डिस्प्ले मिलने की संभावना है. रिपोर्ट्स के अनुसार इस फोन में 8500mAh तक की बड़ी बैटरी दी जा सकती है. माना जा रहा है कि यह स्मार्टफोन Redmi Turbo 5 और Turbo 5 Pro Max के रीब्रांडेड वर्जन भी हो सकते हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.