Rahul Gandhi meets Deepak Kumar: ‘मोहम्मद दीपक’ से मिले राहुल गांधी, कहा- ‘यही है मोहब्बत की दुकान’; कोटद्वार के युवा को दिया खास भरोसा

कोटद्वार के दीपक कुमार ने दिल्ली में राहुल गांधी और सोनिया गांधी से की मुलाकात। मुस्लिम बुजुर्ग की मदद कर चर्चा में आए दीपक को राहुल ने बताया 'साहस की लौ'। जानें क्या है 'मोहम्मद दीपक' नाम के पीछे की पूरी कहानी और राहुल गांधी के जिम आने का वादा।

कोटद्वार के दीपक कुमार ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की है. दीपक कुमार ने कहा कि राहुल गांधी ने उनका हौसला बढ़ाया है. राहुल ने उनसे कहा कि आपने बहुत अच्छा काम किया है, आपको डरने या घबराने की कोई जरूरत नहीं है. दीपक ने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें भरोसा दिया है कि वह जल्द ही उनकी जिम में आएंगे. इस दौरान वह जिम की मेंबरशिप भी लेंगे.

मुस्लिम बुजुर्ग दुकानदार को बचाकर दीपक कुमार इन दिनों काफी चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर वो मोहम्मद दीपक के नाम से भी मशहूर हैं. उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कहा कि मेरा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है. उनकी राहुल गांधी के साथ-साथ सोनिया गांधी से भी मुलाकात हुई है. उन्होंने भी मेरा हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आपने बहुत अच्छा काम किया है. समाज को आप जैसे युवाओं की जरूरत है. राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान उनके साथ कोटद्वार के विजय रावत और एक अन्य युवक भी साथ थे.

उत्तराखंड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात

राहुल गांधी ने अपने फेसबुक अकाउंट से दीपक कुमार से मुलाकात की कुछ फोटो शेयर की है. राहुल ने फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘हर इंसान, एक समान, यही भारतीयता, यही मोहब्बत की दुकान. उत्तराखंड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात- एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए.’ वहीं राहुल ने दीपक से मुलाकात की चार फोटो शेयर की है. एक फोटो में राहुल गांधी और दीपक कुमार बात करते दिख रहे हैं. एक फोटो में दोनों गले मिल रहे हैं. जबकि तीसरी और चौथी फोटो में दोनों हाथ मिलाए साथ खड़े हैं. इन फोटो में दीपक के साथ उनके दोस्ता विजय रावत और एक अन्य युवक सोफे पर बैठे दिख रहे हैं.

बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार को बचाकर चर्चा में आए

कोटद्वार के पौड़ी गढ़वाल जिले में 70 साल के बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार ‘बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’ दुकान है. जनवरी में गणतंत्र दिवस के दिन बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनकी दुकान के नाम पर आपत्ति जताई. उनका कहना था कि ‘बाबा’ शब्द सिर्फ स्थानीय देवता बाबा सिद्धबली (हनुमान जी से जुड़े) के लिए इस्तेमाल होना चाहिए. उन्होंने दुकानदार से उनके दुकान का नाम बदलने की मांग की. उसी समय पास में खड़े दीपक कुमार ने बीच में उन्हें रोका. वह उनकी दुकान के बाहर ही खड़े थे. जब उनसे उनका नाम पूछा गया, तो दीपक ने कहा, ‘मेरा नाम मोहम्मद दीपक है.’ उनका यह वीडियो भी काफी वायरल हो गया. इसके बाद लोग उन्हें ‘मोहम्मद दीपक’ कहने लगे.

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिम के बाहर किया था प्रदर्शन

इस घटना के बाद बजरंग दल के कुछ लोग 31 जनवरी को दीपक के जिम के बाहर विरोध प्रदर्शन करने आए. उन्होंने धमकियां दीं और उन्हें सबक सिखाने की बात कही. दीपक को ऑनलाइन भी धमकियां मिलीं. इसके बाद कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल दीपक कुमार के समर्थन में उतर आए. कई मुस्लिम और सामाजिक संगठनों ने भी दीपक कुमार का समर्थन करते हुए उनसे मुलाकात की. इस दौरान राहुल गांधी ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल से दीपक का समर्थन करते हुए उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए.

Leave A Reply

Your email address will not be published.