Rampur News: ‘मेरी बेटे से बात करा दो…’ रामपुर में जेई ने किया सुसाइड; आखिरी बार वीडियो कॉल पर की बात

यूपी के रामपुर में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर ने पारिवारिक विवाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से पहले उन्होंने बेटे से वीडियो कॉल पर बात की थी.

उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) रविंद्र मिश्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से पहले जेई ने अपने 12 साल के बेटे से वीडियो कॉल पर रोते हुए बात की थी. इसके बाद वह फंदे पर लटक गए. जब तक सहकर्मी उनके रूम तक पहुंचे, तब तक काफी देर हो गई थी. आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के अनुसार, मृतक जेई रविंद्र मिश्रा मूल रूप से शाहजहांपुर के रहने वाले थे और इस समय उनकी तैनाती रामपुर के शाहबाद में थी. वह शाहबाद थाना क्षेत्र के बिलारी मार्ग स्थित किराए के कमरे में अकेले रहते थे. पिछले 10 सालों से उनका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था. बात तलाक तक पहुंच गई थी, कोर्ट में मामला विचारधीन है. रविंद्र का 12 वर्षीय बेटा अथर्व अपने ताऊ प्रभात मिश्रा के साथ रहते है.

बेटे से वीडियो कॉल पर बात

शनिवार देर रात करीब 11:20 बजे रविंद्र ने अपने बड़े भाई को वीडियो कॉल कर बेटे से बात कराने की बात कही. भाई अथर्व को मोबाइल देकर अपने कमरे में चले गए. कुछ देर बाद बेटा घबराकर अपने ताऊ के पास पहुंचा और उन्हें बताया कि पिता रो रहे हैं और फांसी लगने की कोशिश कर रहे हैं. यह बात सुनते ही प्रभात काफी परेशान हो गए. उन्होंने तुरंत रविंद्र के सहकर्मियों को सूचना दी.

फंदे से लटका मिला जेई का शव

सहकर्मी जब तक रविंद्र के कमरे तक पहुंचे तक तब काफी देर हो चुकी थी. उन्होंने गेट खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर उन्होंने तुरंत गेट तोड़ा. कमरे के अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए. उन्होंने देखा कि फंदे पर रविंद्र लटके हुए थे. आनन-फानन में उन्हें शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पत्नी से चल रहा था विवाद

परिवार के लोगों ने बताया कि रविंद्र का पिछले 10 सालों से अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है. तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है. आरोप है कि पारिवारिक कलह और तनाव के चलते रविंद्र ने आत्महत्या कर ली. बेटे अर्थव ने अपनी मां पर पिता को प्रताड़ित लगाया है. बेटे ने कहा कि मां अलग रहतीं थी. वह पिता पर हमेशा पैसों को लेकर विवाद करती थीं. बेटे ने अपनी ही मां के खिलाफ थाने में केस दर्ज करने की मांग की है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शाहबाद थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है. शिकायत मिलने के बाद मामले में उचित जांच और कार्रवाई की जाएगी शुरुआती तौर पर परिवारिक विवाद और मानसिक तनाव में आत्महत्या की घटना सामने आई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.