Rao Narendra vs BJP: ‘राजनीतिक विरोधियों को झूठे मुकदमों में फंसाती है भाजपा’, राव नरेंद्र का तीखा हमला

राज्यसभा चुनाव, शराब घोटाले और नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि

रेवाड़ी : राज्यसभा चुनाव, शराब घोटाले और नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने रेवाड़ी में मीडिया से बातचीत के दौरान कई अहम बयान दिए। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल के बरी होने और एजीएल मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा को राहत मिलने से यह साबित हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी अपने राजनीतिक विरोधियों को झूठे मुकदमों में फंसाकर परेशान करती रही है।

 

उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसलों से भाजपा की राजनीति का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ साजिश के तहत मामले दर्ज किए गए, लेकिन अब सच्चाई उजागर हो चुकी है। राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अभी तक उम्मीदवार का फैसला नहीं हो पाया है, लेकिन पार्टी हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व के साथ मिलकर जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने संभावना जताई कि एक सीट कांग्रेस और एक सीट भाजपा के खाते में जा सकती है। स्याही कांड को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें अपने विधायकों और नेताओं पर पूरा भरोसा है और किसी भी तरह की अनैतिक घटना नहीं होगी।

 

कांग्रेस शासनकाल में नौकरियों के बंदरबांट के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी भर्तियां मेरिट के आधार पर हुई थीं। ‘कैप्टन’ द्वारा उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि वे उनके निजी विचार हैं और पार्टी से कोई भी बड़ा नहीं होता। सभी नेताओं को पार्टी लाइन में रहकर ही बात करनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रेवाड़ी के भगवानपुर क्षेत्र में जल्द 200 बेड का अस्पताल बनाया जाना चाहिए। साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाए। नगर निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि रेवाड़ी सहित तीनों निगमों में कांग्रेस उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण चौधरी सहित पदाधिकारियों के साथ नगर परिषद चुनाव को लेकर मंथन किया गया।

 

उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता चाहते हैं कि चेयरमैन का चुनाव पार्टी सिंबल पर हो, जबकि पार्षद बिना सिंबल चुनाव लड़े। प्रदेश अध्यक्ष ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस रेवाड़ी में शहरी कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक बंद कमरे में बैठक कर संगठन की मजबूती पर चर्चा की। इस दौरान प्रदेश सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व चेयरपर्सन सुचित्रा चांदना, ऋषि यादव, पूर्व पार्षद रंजना भारद्वाज सहित अनेक नेता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.