Rapper Badshah Arrest Order: रैपर बादशाह की बढ़ी मुश्किलें; हरियाणा महिला आयोग ने दिया गिरफ्तारी का आदेश, पासपोर्ट जब्त करने की तैयारी
हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने रैपर बादशाह के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। पानीपत में पेश न होने पर बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही हरियाणा में उनके सभी शो पर बैन और पासपोर्ट जब्त करने की अपील की गई है।
पानीपत : मशहूर रैपर बादशाह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने पानीपत में तय समय पर पेश न होने के बाद कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने बताया कि रैपर बादशाह को आयोग के सामने पेश होने के लिए समय दिया गया था, लेकिन वह तय समय पर उपस्थित नहीं हुए। इसे गंभीरता से लेते हुए महिला आयोग ने कड़ा कदम उठाया है।
रेनू भाटिया ने बताया कि इस मामले में पानीपत पुलिस और पंचकूला पुलिस को बादशाह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही प्रदेश भर में नोटिस जारी कर दिया गया है कि जब तक वह आयोग के सामने पेश नहीं होते, तब तक हरियाणा में उनका कोई भी शो नहीं होने दिया जाएगा। महिला आयोग ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर बादशाह का पासपोर्ट जब्त करने की भी अपील की गई है, ताकि वह जांच से बचने के लिए विदेश न जा सकें।
रेनू भाटिया ने कहा कि इस मामले में उत्तराखंड महिला आयोग भी हरियाणा महिला आयोग का सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेनू भाटिया ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अब हरियाणा महिला आयोग प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह खड़ा है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और आयोग इस मामले में पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा।