Rewari Road Accident: रेवाड़ी में तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को मारी टक्कर, सरकारी स्कूल के इंग्लिश टीचर की दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम

रेवाड़ी के गांव टहना में एक भीषण सड़क हादसे में सरकारी शिक्षक मुकेश (TGT English) की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेवाड़ी : गांव टहना में देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है, जो गांव शादीपुर के निवासी थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार मुकेश किसी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह टहना अड्डे से आगे निकले, तभी तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल मुकेश को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रामानंद ने बताया कि देर रात उपचार के दौरान मुकेश ने दम तोड़ दिया। बताया गया है कि मुकेश सरकारी स्कूल आशियाकी गौरावास में टीजीटी अंग्रेजी के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन से शिक्षा जगत और क्षेत्र में शोक की लहर है। मुकेश अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। सूचना मिलने पर रोहड़ाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात ट्राला चालक की तलाश में जुटी हुई है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं परिजनों ने पुलिस से आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.