Sambhal News: संभल में जलती होलिका में कूदा युवक, 20 सेकंड तक आग की लपटों के बीच रहा खड़ा; देखें रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो

संभल में होलिका दहन के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. एक व्यक्ति कथित तौर पर नशे की हालत में जलती होलिका की आग में 20 सेकंड तक खड़ा रहा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई.

यूपी के संभल जिले में होली के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक व्यक्ति जलती हुई होलिका की आग में खड़ा हो गया और करीब 20 सेकंड तक खड़ा रहा. जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने साहस दिखाने हुए उसे जलती हुई आग से किसी तरह से बाहर निकाला. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना जिले के गुन्नौर तहसील के नंदरौली गांव की है.

होली से एक दिन पहले मंगलवार को होने वाली पारंपरिक होलिका दहन का कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद थे. जिनमें से कई लोग त्योहार की परंपरा के तहत रस्में निभाने, आग की परिक्रमा करने और गन्ना भूनने के लिए आग के चारों ओर इकट्ठा हुए थे.

मच गई अफरा-तफरी

जैसे ही आग तेजी से जलनी शुरू हुई इस दौरान वहां खड़ा एक व्यक्ति अचानक जलती होलिका के बीच में आ गया और हाथ जोड़कर राम-राम कहने लगा. ग्रामीणों के अनुसार वह आग की लपटों के बीच खड़ा हो गया और ऐसा भी लगा कि वह आग के चारों ओर परिक्रमा कर रहा है. जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई.

एक युवक ने दिखाई साहस, निकाला आग से बाहर

इस दौरान वहां मौजूद एक युवक ने उसे बाहर निकाला, तब तक उसके कपड़े जल चुके थे और वह झुलस गया था. इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस पर की और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था. बताया जाता है कि युवक शराब के नशे में था.

वायरल हो रहा वीडिया

इस दौरान वहां खड़े किसी ग्रामीण ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो वायरल हो रहा है. वीडियों में दिख रहा है कि युवक जलती हुई होलिका के अंदर खड़ा है और गांव वाले उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं. इस दौरान किसी भी अन्य ग्रामीण के घायल होने की जानकारी नहीं है. युवक बहजोई थाना क्षेत्र के सिंगापुर गांव का बताया जा रहा है औऱ नंदरौल गांव में अपने ससुराल में होली मनाने आया था.

Leave A Reply

Your email address will not be published.