T20 World Cup 2026: अर्शदीप सिंह ने अमेरिका के खिलाफ बरपाया कहर, अश्विन का ‘महा-रिकॉर्ड’ तोड़ने के बेहद करीब
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में अर्शदीप सिंह फिलहाल दूसरे पायदान पर हैं। पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन का रिकॉर्ड खतरे में है।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित भारत के पहले मुकाबले में चार ओवरों में 18 रन देकर दो विकेट झटके। उन्होंने अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल (0) और मोहम्मद मोहसिन (8) का शिकार किया। भारत ने 161/9 का स्कोर खड़ा किया और अमेरिका को 29 रनों से शिकस्त दी। अर्शदीप ने भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन का एक रिकॉर्ड खतरे में डाल दिया है। वह टी20 वर्ल्ड कप में नंबर-1 भारतीय गेंदबाज बनने से सिर्फ चार विकेट दूर हैं।
अर्शदीप टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में फिलहाल दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट में 15 मैच खेलने के बाद 29 विकेट हासिल किए हैं। अश्विन ने टी20 वर्ल्ड कप में 24 मुकाबले खेले और 32 शिकार किए। लिस्ट में तीसरे स्थान पर धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह हैं। उन्होंने 18 मैचों में 26 शिकार किए। वह बीमार होने की वजह से भारत बनाम अमेरिका मैच में मैदान पर नहीं उतरे थे। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या 25 मैचों में 24 विकेट के साथ चौथे स्थान पर हैं। भारत अब ग्रुप ए के अपने दूसरे मैच में 12 फरवरी को नामीबिया से टकराएगा।
32 – आर अश्विन
29 – अर्शदीप सिंह
26 – जसप्रीत बुमराह
24 – हार्दिक पांड्या
22 – रवींद्र जडेजा
16 – हरभजन सिंह
16 – इरफान पठान
मैच की बात करें तो कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दबाव में 49 गेंदों 84 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 चौके और चार छक्के हैं। वहीं, भारत के नई गेंद के बॉलर अर्शदीप सिंह (18 रन देकर दो विकेट) और सिराज ने अच्छी शुरूआत की जिससे अमेरिकी टीम ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 49 रन ही बनाए और भारत हावी हो गया। वरुण चक्रवर्ती ने 12वें ओवर में मिलिंद कुमार (34 रन) को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों स्टंप आउट कराया। अक्षर पटेल (24 रन देकर दो विकेट) ने 16वें ओवर में संजय कृष्णमूर्ति (37 रन) और हरमीत सिंह (शून्य) के दो विकेट झटके जिससे अमेरिका का स्कोर छह विकेट पर 98 रन था। अमेरिका ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन बनाए।