Tejashwi Yadav: ‘भारत की विदेश नीति चौपट, सरकार चला रही प्राइवेट पॉलिसी’; तेजस्वी यादव का केंद्र पर बड़ा हमला

तेजस्वी यादव ने केंद्र की NDA सरकार की विदेश नीति को 'चौपट' बताया. उन्होंने कहा कि इसके कारण गैस-पेट्रोल के दाम बढ़े और भविष्य में किल्लत होगी.

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए सरकार की विदेश नीति पूरी तरीके से चौपट है. भारत सरकार की गलत विदेश नीतियों के कारण गैस और पेट्रोल की कीमत बढ़ गई है. आगे यह कठिनाई और बढ़ेगी. गैस की किल्लत होगी और पेट्रोल-डीजल के दाम बहुत बढ़ने वाले हैं.

तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार को केवल खुद से मतलब है. इन्हें देश से कोई मतलब नहीं है. इनकी फॉरेन पॉलिसी पूरी तरीके से फ्लॉप हो चुकी है. जब पाकिस्तान से हमारी लड़ाई चल रही थी तब कोई भी हमारा पड़ोसी मुल्क हम लोगों के साथ नहीं था. जब से बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनी है, तब से हमारी फॉरेन पॉलिसी चौपट हो गई है.

फॉरेन पॉलिसी प्राइवेट पॉलिसी बन गई

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की फॉरेन पॉलिसी प्राइवेट पॉलिसी बन गई है, जिसमें प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय कम कर रहे हैं. तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर में घटी घटना पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि पुलिस का काम अपराध को कम करना और अपराधियों पर कार्रवाई करना है लेकिन मुजफ्फरपुर के गायघाट में जो घटना घटी है, उसमें एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या कर दी गई है.

प्रदेश में ऑर्गनाइज्ड क्राइम हो रहा

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि हत्या करने वाला वहां का थानेदार था. उन्होंने जबरन शराब पीकर कर गोली मारी है. प्रदेश में ऑर्गनाइज्ड क्राइम हो रहा है. जबरन निर्दोष लोगों को मारा जा रहा है. पुलिस पूरी तरह से फेल हो चुकी है. प्रशासन और सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है. पूरे बिहार में अराजकता का माहौल है. हर दिन गोलियां चल रही हैं.

सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं. पुलिस द्वारा ही हत्या की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है. सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. हम लोग पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं. प्रशासन से हमारी मांग है कि जिस दरोगा ने निर्दोष व्यक्ति को गोली मारी है, उसे कठोर से कठोर सजा मिले.

Leave A Reply

Your email address will not be published.