UP BJP New Team: यूपी भाजपा में बड़े बदलाव की तैयारी, विनोद तावड़े पहुंचे लखनऊ
यूपी भाजपा की नई टीम के गठन की कवायद तेज। राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने लखनऊ में पंकज चौधरी और ब्रजेश पाठक के साथ की बैठक। जल्द होगा नई नियुक्तियों का ऐलान।
उत्तर प्रदेश भाजपा की नई टीम गठन करने को लेकर कवायद तेज हो गयी है. रविवार दोपहर को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े राजधानी लखनऊ पहुंचे. वह भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ अलग-अलग बैठक कर रहे हैं. विनोद तावड़े ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात की. यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी बैठक के बाद दिल्ली रवाना हो गए हैं. दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे.
विनोद तावड़े से डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्या से आज देर शाम तक मुलाकात करेंगे. कल सुबह वह सीएम योगी के साथ बैठक करेंगे. पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी कार्यालय में मौजूद हैं. यूपी सरकार की महिला मंत्रियों को भी कार्यालय बुलाया गया. उनके साथ नारी शक्ति वंदन अभियान को लेकर चर्चा होने संभावना है.
यूपी बीजेपी की नई टीम बनाने की कवायद
तावड़े सोमवार को भी लखनऊ में रहेंगे. सूत्रों का कहना है कि वह राज्य की जमीनी हकीकत को लेकर हाईकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे. इसके बाद यूपी भाजपा की नई टीम बनाने एवं राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर मुहर लग सकती है.
पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नियुक्ति के बाद अब बीजेपी राज्यों में भी नई नेतृत्व की टीम तैयार करने की तैयारी कर रही है. इसी रणनीति के तहत अब उत्तर प्रदेश के भाजपा संगठन में लगभग तीन साल बाद बदलाव की तैयारी की जा रही है. इससे पहले विनोद तावड़े के लखनऊ पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने उनका स्वागत किया.
प्रचंड बहुमत से फिर बनेगी बीजेपी की सरकार- ब्रजेश पाठक
इस अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा में लगातार लंबित प्रक्रिया चलती रहती है. इस तरह की बैठक यह कोई नई बात नहीं है. हम सभी नेतृत्व के निर्देश पर काम करते हैं. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी काम कर रही है. मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था की हर ओर सराहना हो रही है. 2027 में भाजपा फिर से प्रचंड बहुमत सरकार गठन करेगी.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें ऐसा लगता होगा कि जैसे वसीयत से संपत्ति हस्तांतरण होती है, वैसे ही सत्ता भी हस्तांतरण होती है, लेकिन, ऐसा होता नहीं है. जिसे जनता का आशीर्वाद मिलता है. वही सरकार चलाती है. महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने अखिलेश यादव पर लुका-छिपी का खेल करने का आरोप लगाया.