Vadh 2 Box Office Collection Day 3: संजय मिश्रा की फिल्म ने तोड़ा पहले पार्ट का रिकॉर्ड
बॉलीवुड एक्टर संजय मिश्रा की फिल्म वध को ओटीटी पर खूब पसंद किया गया था हालांकि इसका थिएट्रिकल रन इतना अच्छा नहीं था. लेकिन अब इस फिल्म का दूसरा पार्ट सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया गया है और इसका कलेक्शन पहले पार्ट से बेहतर जा रहा है.
बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में पिछले एक दशक में कई सारे टैलेंटेड एक्टर्स ने अपनी प्रतिभा से जनता का दिल जीता है और अभिनय की सराहना बटोरी है. इस लिस्ट में संजय मिश्रा का नाम भी शामिल है. उनकी फिल्म वध जब साल 2022 में आई थी तो उसका इतना क्रेज देखने को नहीं मिला था. हालांकि बाद में जब ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज की गई थी तो इसने कमाल किया था और फैंस का दिल जीता था. फिल्म की कहानी के साथ ही नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था.
अब हाल ही में सिनेमाघरों में इस फिल्म का दूसरा पार्ट रिलीज कर दिया गया है और इसे खूब पसंद भी किया जा रहा है. वध 2 ने रिलीज के 2 दिनों में ही अपने पहले पार्ट के कलेक्शन को पार कर लिया है और इसकी तीन दिन की कमाई के आंकड़े भी आ गए हैं. फिल्म का कलेक्शन ठीक जा रहा है हालांकि अन्य कॉमर्शियल फिल्मों की तरह इसे ऑडियंस नहीं मिल रही है.
वध 2 फिल्म ने कितने कमाए?
वध 2 फिल्म की बात करें तो इस फिल्म की कमाई ठीक जा रही है. फिल्म का बजट रिपोर्ट्स के मुताबिक 25 करोड़ रुपये का बताया जा रहा है. फिल्म काफी अच्छा परफॉर्म तो नहीं कर रही है लेकिन इसके बाद भी इसका कलेक्शन पहले पार्ट से काफी बेहतर नजर आ रहा है. ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने 50 लाख रुपये का कलेक्शन किया. वहीं दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में इजाफा देखने को मिला और इसने 1 करोड़ रुपये कमाए. वहीं तीसरे दिन इस फिल्म की कमाई 1 करोड़ रुपये रही.
वध फिल्म का कैसा था हाल?
वध फिल्म की बात करें तो ये फिल्म साल 2022 में आई थी. इसमें पुलिस डिपार्टमेंट के एक शख्स की कहानी दिखाई गई थी जो घरेलू समस्याओं का सामना कर रहा होता है और बड़ी मुश्किल से अपना पेट पालता है. इस फिल्म में उनकी पत्नी का रोल नीना गुप्ता ने प्ले किया था. ये फिल्म मात्र 65 लाख रुपये ही कमा सकी थी. फिलहाल इसका दूसरा पार्ट थिएटर में रिलीज है और धीरे-धीरे अपने कलेक्शन को आगे बढ़ाता नजर आ रहा है.