Vaishali News: वैशाली कोर्ट में कैदी की फिल्मी फरारी! पुलिस को चकमा देकर तालाब में लगाई छलांग, झाड़ियों में जा छिपा

वैशाली पुलिस कैदी को जब हाजत से निकालकर कोर्ट ले जा रही थी, इसी दौरान कैदी कोर्ट की छत पर चढ़ गया और उसने छत से ही बगल में स्थित एक तालाब में छलांग लगा दी. कैदी की इस हरकत को देखकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए.

बिहार के वैशाली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां जेल में बंद एक कैदी ने भागने की कोशिश में कोर्ट की छत से पास के तालाब में ही छलांग लगा दी. हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकल गया, लेकिन कैदी की इस हरकत के कारण पुलिस घंटों परेशान रही.

जानकारी के अनुसार, चांदपुर ओपी क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव निवासी पवन राय के ऊपर एक नाबालिक लड़की के अपहरण का मामला दर्ज था. नाबालिग के पिता ने घटना को लेकर के थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद FIR दर्ज की गई थी. नाबालिग भी उसी गांव की बताई जा रही. इसी मामले में आरोपी को सोमवार को कोर्ट में हाजिरी के लिए लाया गया था.

कोर्ट की छत से तालाब में लगा दी छलांग

बताया जा रहा कि कैदी को जब हाजत से निकालकर कोर्ट ले जाया जा रहा था, इस दौरान कैदी कोर्ट की छत पर चढ़ गया और उसने छत से ही बगल में स्थित एक तालाब में छलांग लगा दी. कैदी की इस हरकत को देखकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए. वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों को आवाज दी, जिसके बाद चारों तरफ से तालाब को घेर लिया गया.

घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

कैदी के तालाब में छलांग लगाने की खबर सामने आते ही मौके पर अफरातफरी मच गई. जो भी इस घटना के बारे में सुन रहा था, मौके पर रुक जा रहा था. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर SDOP सुबोध कुमार भी मौके पर पहुंचे. SDOP के सामने कैदी को तालाब से बाहर निकल गया. बताया जा रहा कि तालाब में कूदने से कैदी को चोटें आईं. इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ भी जमा हो गई.

दरभंगा में नाले में छिप गया था कैदी

बता दें कि इससे पहले दरभंगा जिले के लहरिया सराय में एक कैदी ने इसी प्रकार की हरकत की थी. तब कैदी को मेडिकल जांच के लिए पुलिस हिरासत में बहादुरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, लेकिन वहां से कैदी पुलिस को चकमा देते हुए अंडरग्राउंड नाले में जाकर छिप गया था, तब पुलिस को उसे बाहर निकलने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.