Viral Video: एक बाइक पर 9 लोग सवार! 6 बच्चे, 2 महिलाएं और ‘हैवी ड्राइवर’, वीडियो देख दंग रह गई दुनिया
मध्य प्रदेश के कटनी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह एक बाइक पर 9 लोग सवार हैं.
मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो में एक युवक अपनी बाइक पर जरूरत से ज्यादा लोगों को बैठाकर सड़क पर चलता दिखाई दे रहा है. बाइक पर महिलाओं और छोटे बच्चों सहित कुल 9 लोग बैठे नजर आ रहे हैं. यह नजारा साफ दिखाता है कि यातायात नियमों की अनदेखी की जा रही है और सभी की जान जोखिम में डाली जा रही है.
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई है. कई लोगों ने कहा कि यह बहुत लापरवाही भरा काम है और ऐसे व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. लोगों का कहना है कि इस तरह से बाइक चलाने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. खासकर बच्चों के साथ ऐसा करना और भी खतरनाक है. दोपहिया वाहन पर तय संख्या से ज्यादा लोगों को बैठाना कानून के खिलाफ है. फिर भी चालक बिना डर के वाहन चलाता दिख रहा है.
एक बाइक पर 9 लोग सवार
26 सेकंड के वीडियो में बाइक (एमपी 21 जेडई 8630) पर 6 बच्चे, दो महिलाएं और एक युवक बैठा हुआ दिखाई दे रहा है. सबसे हैरानी की बात यह है कि वीडियो में बच्चे अपने हाथों पर सामान तो कोई खाने-पीने की वस्तुएं भी लिए हुए हैं और सबसे पीछे बैठी एक बच्ची टंगी हुई है. अगर जरा सी भी लापरवाही हुई तो एक बड़ा हादसा भी हो सकता है. वीडियो बनाने वाला व्यक्ति बाइक पर बैठे लोगों की गिनती करते हुए नजर आ रहा है.
ट्रैफिक प्रभारी ने दी जानकारी
वीडियो वायरल होने के बाद कटनी ट्रैफिक पुलिस ने भी संज्ञान लिया है. ट्रैफिक थाना प्रभारी राहुल पांडेय ने कहा कि यह वीडियो बेहद खतरनाक स्थिति को दिखाता है और यातायात नियमों का उल्लंघन है. उन्होंने बताया कि पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और बाइक चालक की नंबर से पहचान की जा रही है. राहुल पांडेय ने साफ कहा कि दोषी चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें.