अंबाला निगम चुनाव: कांग्रेस मेयर प्रत्याशी कुलविंदर कौर का नामांकन, दिग्गजों ने भरी हुंकार

अंबाला नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी कुलविंदर कौर ने दाखिल किया नामांकन। दीपेंद्र हुड्डा, राव नरेंद्र सिंह और वरुण चौधरी की मौजूदगी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन।

अंबाला : अंबाला की सियासी फिजाओं में आज चुनावी बिगुल पूरी ताकत के साथ बज उठा है। नगर निगम चुनाव के लिए आज कांग्रेस ने अपना दांव चलते हुए मेयर पद की प्रत्याशी कुलविंदर कौर का नामांकन दाखिल करवाया। लेकिन यह सिर्फ एक नामांकन नहीं था, बल्कि हरियाणा कांग्रेस के दिग्गजों की मौजूदगी में किया गया एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन था। प्रत्याशी के समर्थन में हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और स्थानीय सांसद वरुण चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।

दीपेंद्र हुड्डा ने इस मौके सरकार को निगम के मुद्दों से लेकर महंगाई तक के मुद्दे पर घेरा। वहीं कांग्रेस में टिकट न मिलने से नाराज उम्मीदवारों के आजाद नामांकन भरने के सवाल पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा उन्हें मनाया जाएगा। इस दौरान अंबाला लोकसभा सांसद वरुण चौधरी ने भी सरकार को जमकर घेरा और कहा यहां NDC नहीं होती सिर्फ भ्रष्टाचार होता है। जनता को बेवजह परेशान किया जाता है। सांसद वरुण चौधरी ने कहा सरकार की दलित विरोधी तस्वीर साफ दिखती है। इन्होंने SC सीट घटाने का काम किया। जनता चुनाव में इन्हें जवाब देने का काम करेगी। वहीं कांग्रेस मेयर उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल करवाने पहुंचे नेताओं का धन्यवाद किया और कहा मैं अभी नयी स्थितियों को समझ रही हूं, फिर अपनी बात मीडिया में रखेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.