अंबाला: हाईवे पर फॉर्च्यूनर सवार परिवार पर हमला; बदमाशों ने मांगे 5 करोड़

अंबाला-दिल्ली हाईवे पर बदमाशों ने फॉर्च्यूनर रोककर परिवार पर किया हमला। 5 करोड़ की फिरौती न देने पर रॉड से तोड़े शीशे, महिलाएं और बच्ची घायल। जांच जारी।

अंबाला :  हरियाणा के अंबाला से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां कुछ बदमाशों ने एक फॉर्च्यूनर कार को बीच सड़क पर रोककर उसमें सवार परिवार पर हमला कर दिया। वहीं इस घटना में कार में सवार लोग जख्मी हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर मोहड़ा फाटक के पास की है। करनाल जिले के माखुमाजरा गांव निवासी रणधीर सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ इस्माइलपुर गांव से लौट रहे थे। तभी स्कॉर्पियो और बाइक पर सवार करीब 6-7 बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और रास्ता रोक दिया। वहीं आत्मरक्षा के लिए जब परिवार ने गाड़ी के दरवाजे लॉक कर लिए तो बदमाशों ने लोहे की रॉड से हमला कर फॉर्च्यूनर के सभी शीशे तोड़ दिए। अंदर बैठे लोगों पर हमला कर दिया। वहीं इस घटना में रणधीर सिंह की पत्नी, बहू और पोती घायल हो गई।

पीड़ित पक्ष ने थाने में मामला दर्ज कराया है। शिकायत में बताया गया है कि सोनीपत के एक गिरोह द्वारा उनसे पहले ही करीब 4 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। अब 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त फिरौती मांगी जा रही है। रकम न देने पर यह जानलेवा हमला किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.