अंबाला: CM नायब सैनी का ‘आप’ पर प्रहार; लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ाया दायरा
अंबाला रैली में CM नायब सैनी ने AAP और कांग्रेस को घेरा। लाडो लक्ष्मी योजना के नए नियमों और 25,000 युवाओं की नियुक्ति का किया जिक्र। 10 मई चुनाव के लिए की अपील।
अंबाला : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अंबाला शहर की सैनी धर्मशाला में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी को “देशहित और राष्ट्रप्रेम करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल घोषणाएं ही नहीं करती बल्कि जो वादा करती है उसे धरातल पर उतारती है। मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी पर पार्टी पर तीखा हमला बोला।
झूठे वादों और बयानबाजी के सहारे राजनीति चमकाने का काम करते हैं आप पार्टी के नेता
नायब सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता केवल झूठे वादों और बयानबाजी के सहारे राजनीति चमकाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों को भावांतर भरपाई नहीं दे रही और न ही सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें नशे की दलदल में धकेला गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस ने हिमाचल में वादा किया था कि महिलाओं को 1500 रुपये देंगे वहीं पंजाब में भी आम आदमी पार्टी ने 1 हजार रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों ने कोई वादा नहीं निभाया आज तक महिलाओं के खातों में पांच पैसा तक इन पार्टियों ने भेजा।
पीएम मोदी के नेतृत्व में पंजाब विकसित राज्य बनेगा- नायब सैनी
मुख्यमंत्री ने पंजाब में हुए हालिया ब्लास्ट की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री के बयान को निंदनीय कहा। उन्होंने कहा कि पंजाब के सीएम भगवंत मान अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए झूठे बयान देकर अपनी राजनीति चमका रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आम आदमी पार्टी की घटिया सोच को दर्शाती है। नायब सैनी ने कहा कि पंजाब मेंं विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया कि ताकि जनहित की चर्चा हो, लेकिन वहां पर दारू पीकर जो नोटंकी हुई उसे पूरे देश ने देखा। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पंजाब के लोग अब समझते हैं कि पंजाब का विकास सिर्फ पीएम मोदी के नेतृत्व में संभव है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पंजाब विकसित राज्य बनेगा।
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था और उसे पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा दिया है। अब 1 लाख 80 हजार वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के रोजगार देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद 25000 युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर सरकार ने अपना वादा निभाया। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है उसे पूरा भी करती है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के समय भाजपा सरकार ने 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से मात्र डेढ़ साल में 63 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि 2029 तक सभी संकल्प पूरे कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अंबाला में किए गए विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने क्षेत्र के विकास को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि अंबाला में दो आईएमटी खोले गए हैं जो क्षेत्र के औद्योगिक विकास और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में 10 आईएमटी स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से छह पर तेजी से काम चल रहा है।
नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ही विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने की क्षमता रखती है और यदि अंबाला में “ट्रिपल इंजन सरकार” बनती है तो विकास की गति तीन गुना बढ़ जाएगी। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि 10 मई को होने वाले चुनाव में मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी सहित सभी वार्डों में कमल का फूल खिलाकर भाजपा को मजबूत करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं बल्कि जनता की सेवा और प्रदेश का समग्र विकास करना है। उन्होंने जनता से भाजपा को समर्थन देकर अंबाला को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, पूर्व मंत्री असीम गोयल, भाजपा मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी, जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, जिला महामंत्री कर्मचंद सैनी सहित भाजपा के वार्ड प्रत्याशी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।