आखिरी मिनट में अभिषेक के गोल से जीता भारत, हरमनप्रीत और सुखजीत का भी शानदार प्रदर्शन

एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत की पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 4-3 से हरा दिया है। आखिरी मिनट में गोल कर भारत ने फाइनल में जगह बनाई।

भारत की मेंस हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल का टिकट कटा लिया है. मेंस हॉकी के पहले सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया. दोनों टीमों के बीच मुकाबला इतना रोमांचक रहा कि नतीजे के लिए आखिरी मिनट का इंतजार करना पड़ा. मैच के आखिरी मिनट में भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की की. मेंस हॉकी के पहले सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया.

भारत के प्रहार के बाद दिखा पाकिस्तान का पलटवार

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज में की. भारत ने पहले क्वार्टर में ही पाकिस्तान पर 2-0 की बढ़त ले ली. भारत की स्थिति मैच में तब और मजबूत हो गई जब भारत ने अपनी बढ़त को दूसरे क्वार्टर में 2-0 से 3-0 कर लिया. लेकिन, उसके बाद मुकाबले में भारत का प्रहार कम पाकिस्तान का पलटवार ज्यादा नजर आया. पाकिस्तान ने देखते ही देखते भारत की 3-0 की बढ़त को 3-3 की बराबरी में बदल दिया.

आखिरी मिनट में भारत ने किया जीत से ‘अभिषेक’

पाकिस्तान के पलटवार से मुकाबला बराबरी पर आने के बाद रोमांच का पारा हाई हो गया. भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश करने लगी. ऐसे में मैच के आखिरी मिनट में गोल दागकर अभिषेक ने भारत की जीत पक्की कर दी. जीत का अभिषेक कराना वाला वो गोल भारत की तरफ से पाकिस्तान के गोल पोस्ट पर हुआ चौथा गोल रहा.

अभिषेक के विनिंग गोल दागने से पहले भारत की तरफ से 3 और गोल हरमनप्रीत सिंह और सुखजीत ने दागे. हरमनप्रीत सिंह ने 2 गोल दागे जबकि सुखजीत ने एक गोल किया.

28 साल बाद एशियन गेम्स में हुआ ऐसा

भारत की मेंस हॉकी टीम के फाइनल में पहुंचने के साथ ही एशियन गेम्स में वो देखने को मिला जो आखिरी बार 28 साल पहले हुआ था. 1998 के बाद ये पहला मौका है जब भारत की मेंस और विमेंस टीम एशियन गेम्स हॉकी के फाइनल में है. विमेंस टीम ने सेमीफाइनल में कोरिया को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था.

Leave A Reply

Your email address will not be published.