आरोपी अमरजीत ने घर में घुसकर हेमंत कौशिक को मारी गोली, फोर्टिस अस्पताल में हालत गंभीर

गुरुग्राम के सेक्टर-14 में पैसों के लेन-देन के विवाद में पीजी संचालक हेमंत के सिर में मारी गोली। अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती।

गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में PG संचालक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. वारदात को अंजाम सेक्टर-14 स्थित PG संचालक के घर पर दिया गया. जहां आरोपी अमरजीत पैसों के पुराने लेन-देन को लेकर हेमंत के घर पहुंचा. तभी घर पर मौजूद हेमंत कौशिक के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. जिसके बाद हेमंत को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पीजी संचालक पर फायरिंग: वहीं गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. सेक्टर 14 थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि अमरजीत और घायल हेमंत के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. आरोपी इसी विवाद को लेकर हेमंत के घर पहुंचा था. घर पर दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई.

रुपयों की लेन-देन को लेकर था विवाद: विवाद के दौरान अमरजीत ने हथियार निकालकर हेमंत के सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद उसे इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उपचार जारी है.

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी: एसएचओ अमित कुमार के मुताबिक “वारदात के समय घर में हेमंत के अलावा उसकी पत्नी और उसका दोस्त ललित मौजूद थे. घटना के तुरंत बाद ललित ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.” बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पैसों के विवाद के अलावा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.