इंद्री: गांव खेड़ा में 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, जांच जारी

करनाल के इंद्री उपमंडल के गांव खेड़ा में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान। फरवरी 2026 में हुई थी शादी। पुलिस कर रही मामले की गहन जांच।

इंद्री: करनाल के इंद्री उपमंडल के गांव खेड़ा में मंगलवार को एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दे दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर की रहने वाली थी। उसकी शादी फरवरी 2026 में गांव खेड़ा निवासी प्रियांशु के साथ हुई थी। विवाह के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी।

मृतका के ससुर ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह, उनकी पत्नी तथा उनका बेटा तीनों काम पर गए हुए थे। दोपहर बाद जब उनका बेटा घर लौटा तो उसने कमरे में अपनी पत्नी को पंखे से लटका हुआ देखा। यह देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस और अन्य परिजनों को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंच गए।

जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.