उलेटा गांव की महिला ने बच्चों सहित कुएं में लगाई छलांग, दोनों बच्चों की दर्दनाक मौत
नूंह जिले के नगीना में मां ने दो बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाई। दोनों मासूमों की मौत, महिला का अस्पताल में इलाज जारी।
नूंह : नूंह ज़िले के नगीना कस्बे में एक महिला अपने दो बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। दोनों बच्चों की मौत हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उलेटा गांव की रहने वाली 27 साल की समरीन की शादी करीब पांच साल पहले नगीना के रहने वाले आशिक से हुई थी। रविवार सुबह समरीन अपने दो बच्चों, अजलान (ढाई साल) और समायरा (4 साल) को लेकर घर से निकली। वह पास के ही एक कुएं में कूद गई, जो करीब 15 फीट गहरा था। जब परिवार को इस बात का पता चला, तो उन्होंने तीनों को बाहर निकाला। तब तक अजलान और समायरा की मौत हो चुकी थी। परिवार महिला को मंडीखेड़ा के सिविल अस्पताल ले गया, जहां उसका इलाज जारी है।
नगीना पुलिस स्टेशन के SHO अजयवीर भडाना ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। घटना की असली वजह का पता जांच के बाद ही चलेगा। वहीं इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे गहरे सदमे में हैं।