एपल ने आईफोन 18 प्रो में दिया वेरिएबल अपर्चर, जानिए कैसे बदलेगा फोटोग्राफी का अनुभव
एपल ने आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स के कैमरे में किया बड़ा बदलाव। नए वेरिएबल अपर्चर से मिलेगी बेहतर फोटोग्राफी।
एपल ने इस साल आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स के कैमरे में एक बड़ा बदलाव किया है. नए 48 एमपी फ्यूजन मेन कैमरे में वेरिएबल अपर्चर दिया गया है, जो कैमरे में आने वाली रोशनी और फोटो की डेप्थ को कंट्रोल करने में मदद करता है. आसान भाषा में समझें तो अब कैमरा अलग-अलग परिस्थितियों के हिसाब से अपने लेंस के खुलने की मात्रा बदल सकता है. इससे लो-लाइट फोटो, ग्रुप फोटो और क्रिएटिव फोटोग्राफी में बेहतर कंट्रोल मिल सकता है.
आखिर क्या होता है वेरिएबल अपर्चर?
अपर्चर को आसान भाषा में कैमरा लेंस का वह हिस्सा समझ सकते हैं, जिससे होकर रोशनी कैमरा सेंसर तक पहुंचती है. आमतौर पर फोन कैमरे में अपर्चर फिक्स होता है, लेकिन आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स के 48एमपी फ्यूजन मेन कैमरे में इसे बदला जा सकता है. एपल ने इसमें छह लेजर कट ब्लेड्स दिए हैं, जो एक नए रोटर मैकेनिज्म की मदद से खुलने और बंद होने की मात्रा को एडजस्ट करते हैं. कैमरे में एफ/1.48, एफ/1.8, एफ/2.8 और एफ/4.0 की चार अपर्चर सेटिंग्स उपलब्ध हैं.
वेरिएबल अपर्चर कैसे करता है काम?
जब कैमरे को ज्यादा रोशनी की जरूरत होती है तो अपर्चर बड़ा हो जाता है, जिससे सेंसर तक ज्यादा लाइट पहुंचती है. आईफोन 18 प्रो में एफ/1.48 सबसे ज्यादा रोशनी आने देता है, जो कम रोशनी वाले माहौल और नाइट मोड फोटो के लिए उपयोगी है. वहीं अपर्चर को छोटा करने पर कैमरे में कम रोशनी आती है, लेकिन फोटो में सीन के ज्यादा हिस्से को फोकस में रखने में मदद मिलती है. एपल के मुताबिक, एफ/4.0 सेटिंग का इस्तेमाल ज्यादा डेप्थ ऑफ फील्ड के लिए किया जा सकता है.
ग्रुप फोटो और लो-लाइट में कैसे मिलेगा फायदा?
वेरिएबल अपर्चर का फायदा अलग-अलग तरह की फोटो लेते समय मिल सकता है. कम रोशनी में कैमरा अपर्चर को अपने आप बड़ा कर सकता है, जिससे सेंसर तक ज्यादा लाइट पहुंचे और फोटो बेहतर तरीके से कैप्चर हो सके. वहीं ग्रुप फोटो में अपर्चर को छोटा करने से पीछे खड़े लोगों और बैकग्राउंड में ज्यादा डिटेल को फोकस में रखने में मदद मिल सकती है. एपल का कहना है कि नया कैमरा सिस्टम लो-लाइट फोटोग्राफी में सुधार और ग्रुप फोटो के बैकग्राउंड में ज्यादा शार्प डिटेल देने के लिए डिजाइन किया गया है.
अब यूजर्स को मिलेगा ज्यादा मैनुअल कंट्रोल
आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स में नए प्रो कंट्रोल्स भी दिए गए हैं. इसके जरिए यूजर्स कैमरा ऐप में अपर्चर, शटर स्पीड और व्हाइट बैलेंस को मैनुअली एडजस्ट कर सकते हैं. साथ ही लाइव हिस्टोग्राम की मदद से फोटो की एक्सपोजर को भी देखा जा सकता है. यानी आम यूजर्स के लिए कैमरा जरूरत के हिसाब से अपर्चर को ऑटोमैटिक रूप से एडजस्ट कर सकता है, जबकि फोटो और वीडियो पर ज्यादा कंट्रोल चाहने वाले यूजर्स चारों अपर्चर सेटिंग्स को खुद भी चुन सकते हैं.