कनाडा में पंजाबी सिंगर एमी विर्क के काफिले पर फायरिंग? पिता कुलजीत सिंह ने दिया बड़ा बयान

कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में एमी विर्क के कॉन्सर्ट के बाद गाड़ी पर फायरिंग की खबर। पिता कुलजीत सिंह ने दी पूरी जानकारी।

पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क के काफिले पर कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड में कथित तौर पर हमले की खबर सामने आई है. एमी विर्क के कॉन्सर्ट के बाद उनके काफिले का हिस्सा बताई जा रही एक गाड़ी पर कई राउंड फायरिंग की गई. इस खबर के बाद एमी के फैंस काफी ज्यादा चिंता में थे और सिंगर का हाल जानना चाहते थे. हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.

एमी विर्क ने 5 सितंबर को एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम में कॉन्सर्ट किया था. बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद देर रात जब वह वहां से निकल रहे थे, तभी फायरिंग की घटना हुई. अब पूरी घटना पर एमी के पिता का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि सब कुछ ठीक है और सभी लोग सेफ हैं.

एमी विर्क के काफिले पर हमला ?

एबॉट्सफोर्ड पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर की रात करीब 11 बजे के बाद मैक्कलम रोड के 2500 ब्लॉक में एक गाड़ी को निशाना बनाया गया. पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने इस वाहन पर फायरिंग की थी. पुलिस ने बताया कि फायरिंग के कुछ ही समय बाद अधिकारियों को सनीसाइड प्लेस के 2400 ब्लॉक में एक गाड़ी में आग लगने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि एक SUV पूरी तरह आग की चपेट में थी.

एमी विर्क के पिता ने दिया अपडेट

एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि सिंगर और उनका पूरा परिवार पूरी तरह सुरक्षित है. उन्होंने साफ किया कि उनके बेटे पर कोई गोली नहीं चलाई गई थी. कुलजीत सिंह ने दावा किया कि फायरिंग शो के आयोजकों के काफिले को निशाना बनाकर की गई थी न कि उनके बेटे पर.

हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि जिस गाड़ी को निशाना बनाया गया, वह बुलेटप्रूफ थी और घटना के वक्त एमी विर्क और शो के प्रमोटर उसमें मौजूद थे. एक रिपोर्ट में इस गाड़ी को रोल्स-रॉयस बताया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग के दौरान करीब सात राउंड गोलियां चलाई गईं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.