कार्यवाहक पीएमओ के साथ मारपीट करने वाले रेडियोग्राफर पर भड़के डॉक्टर, आधे दिन का वर्क सस्पेंड

बहादुरगढ़ में रेडियोग्राफर ने कार्यवाहक पीएमओ डॉ. विनय देशवाल के साथ की मारपीट। डॉक्टरों में रोष, वर्क सस्पेंड।

बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर में एक रेडियोग्राफर द्वारा कार्यवाहक पीएमओ के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जो ट्रामा सेंटर के एक्स-रे रूम में रेडियोग्राफर के पद पर कार्यरत है। घटना के बाद डॉक्टरों में रोष फैल गया और उन्होंने काम छोड़कर ट्रामा सेंटर के बाहर एकत्रित होकर विरोध जताया।

आरोप है कि कार्यवाहक पीएमओ डॉ. विनय देशवाल ट्रामा सेंटर के राउंड पर पहुंचे थे। इसी दौरान रेडियोग्राफर संदीप ने उनके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि आरोपी कर्मचारी के ड्यूटी से गैरहाजिर रहने को लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की आशंका थी और इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। डॉक्टरों के अनुसार, 8 सितंबर को भी आरोपी ने पीएमओ रूम में घुसकर डॉ. विनय देशवाल के साथ बदतमीजी की थी। इसके बाद अब राउंड के दौरान उनके साथ मारपीट की घटना सामने आई है।

घटना से नाराज एचसीएमएस एसोसिएशन ने आधे दिन का वर्क सस्पेंड कर दिया। डॉक्टरों ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है। इतना ही नहीं सरकार से अस्पताल में एक स्थायी पुलिस चौकी बनाने की मांग भी की गई। वहीं मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है और कार्यवाहक पीएमओ का मेडिकल भी करवाया गया है। डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर के बाहर इकट्ठा होकर घटना के खिलाफ रोष जताया। वहीं, दोषी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग को लेकर सिविल सर्जन को भी लिखित शिकायत भेजी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि स्वास्थ्य संस्थान में इस तरह की घटना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती।

Leave A Reply

Your email address will not be published.