कुरुक्षेत्र: नगर परिषद कर्मचारी ने की खुदकुशी, परिजनों ने लिव-इन पार्टनर पर लगाए आरोप

कुरुक्षेत्र के थानेसर में नगर परिषद कर्मचारी रमन ने की आत्महत्या। परिजनों ने लिव-इन पार्टनर पर संपत्ति विवाद और प्रताड़ना के आरोप लगाए। पुलिस जांच जारी।

कुरुक्षेत्र: थानेसर नगर परिषद में कार्यरत एक कर्मचारी की मौत का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि नगर परिषद में स्वीपर व चौकीदार के पद पर तैनात रमन ने आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसकी लिव-इन पार्टनर सोनिया समेत कई अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए है. इसके अलावा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भिजवा दिया है.

दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया​: मृतक रमन अपने पीछे दो मासूम बेटियां छोड़ गया है, जिनकी उम्र महज पांच और तीन साल है. रमन की मौत के बाद परिवार में मातम मच गया. ​मृतक के मामा शिव कुमार ने बताया कि “रमन पिछले करीब 4-5 वर्षों से अपने परिवार से अलग रह रहा था. वो सोनिया नाम की एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशन में था. सोनिया और उसके साथ जुड़े कुछ अन्य लोग रमन के मकान को बेचना चाहते थे. इसी संपत्ति विवाद के चलते रमन ने ये कदम उठाया है.”

​​घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद: पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है, लेकिन परिजनों ने इसे सिरे से नकार दिया है. शिव कुमार का दावा है कि सुसाइड नोट में जो लिखावट है, वो रमन की नहीं है. परिवार ने पुलिस से मांग की है कि इस नोट की फॉरेंसिक जांच कराई जाए और रमन की वास्तविक लिखावट से इसका मिलान किया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके.​

परिजनों ने की इंसाफ की मांग: परिजनों ने सोनिया और उसके करीबियों की कॉल डिटेल खंगालने की मांग की है. उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों में सोनिया और उसके साथियों के बीच क्या बातचीत हुई और किन लोगों ने उसे परेशान किया, इसका खुलासा केवल फोन रिकॉर्ड्स से ही संभव है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र में मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है. परिजनों के बयान दर्ज करके आगामी कार्रवाई कमल मिलाई जा रही है.

पुलिस मामले की जांच में जुटी: अमित कुमार सुभाष मंडी चौकी इंचार्ज ने बताया कि “पुलिस को सूचना मिली थी कि बहादुरपुरा के रहने वाले 30 वर्षीय रमन ने आत्महत्या कर ली है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आज उसका पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. परिजनों के बयान दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.