कुरुक्षेत्र में किसानों के समर्थन में उतरी कॉकरोच जनता पार्टी, लाठीचार्ज की कड़ी निंदा

कुरुक्षेत्र में धान खरीद की मांग को लेकर किसानों पर पुलिस कार्रवाई की सीजेपी ने की निंदा। किसानों के समर्थन में उतरेगी पार्टी।

चरखी दादरी : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में धान खरीदी के लिए चल रहे किसानों के आंदोलन में अब कॉकरोच जनता पार्टी यानि सीजेपी कूद पड़ी है. सीजेपी प्रवक्ता ने कहा है कि अगर किसान बड़ा आंदोलन करते हैं तो सीजेपी उनके समर्थन में सड़कों पर उतरेगी और आवाज बुलंद करेगी.

सीजेपी ने की निंदा : कुरुक्षेत्र में धान खरीद शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस के लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल की घटना की कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने निंदा की है. पार्टी की कोर टीम के सदस्य एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान ने कहा कि प्रदेश के किसान पिछले लगभग 15 दिनों से मंडियों में धान की खरीद तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से सरकार से आग्रह कर रहे हैं. उनका आरोप है कि किसानों की बात सुनने के बजाय पुलिस बल का प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है.

किसानों का आवाज़ बुलंद करेगी सीजेपी : सीजेपी प्रवक्ता सुधीर सांगवान ने कहा कि हरियाणा सरकार को किसानों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी), संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने पूर्व में विभिन्न जन आंदोलनों का समर्थन किया है और अब छात्र, युवा संगठन और सीजेपी कार्यकर्ता किसानों के साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने कहा कि फसल खरीद जैसी बुनियादी मांग पर किसानों के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती स्वीकार नहीं की जाएगी. साथ ही उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि यदि किसान बड़ा आंदोलन करते हैं तो सीजेपी उनके समर्थन में सड़कों पर उतरेगी और उनकी आवाज बुलंद करेगी.


Leave A Reply

Your email address will not be published.