केवल पत्राचार एवं विभागीय प्रक्रिया तक सीमित हैं व्यापारियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण समस्याएं : मनोज भाटी

न्यूज़ डेस्क उत्तर प्रदेश। नोएडा। राजेश शर्मा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई की प्रतिनिधि मंडल ने गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी श्रीमती मेधा रूपम की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की मासिक बैठक में कई मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया।
इस बैठक में जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर (प्रशासन) अजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई की ओर से वरिष्ठ महामंत्री मनोज भाटी ने पूर्व में उठाए गए विभिन्न व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु किए गए प्रयासों एवं प्रगति के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने यह भी अवगत कराया कि व्यापारियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण समस्याएं विगत कई महीनों से केवल पत्राचार एवं विभागीय प्रक्रिया तक सीमित हैं तथा उनका अभी तक कोई ठोस एवं संतोषजनक समाधान नहीं हो पाया है।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर (प्रशासन) को निर्देशित किया कि प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में व्यापारियों से संबंधित चार प्रमुख प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं शिकायतकर्ताओं की जिलाधिकारी कार्यालय में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही संबंधित मामलों से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी के इस निर्णय का नरेश कुच्छल चेयरमैन एवं अन्य व्यापारी संगठनों ने स्वागत करते हुए इसे व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण, सकारात्मक एवं दूरगामी पहल बताया।
बैठक के दौरान आर्य नगर मार्केट के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने सेक्टर-73, नोएडा में उत्पन्न गंभीर पेयजल संकट, सीवर व्यवस्था, सड़कों की दुर्दशा एवं सफाई व्यवस्था से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण अधिकांश समरसेबल पंप बंद हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था न होने से स्थानीय निवासियों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी चिंता एवं असंतोष व्याप्त है। उन्होंने इस गंभीर समस्या के शीघ्र एवं स्थायी समाधान की मांग की।
बैठक में प्रमुख रूप से उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल, अध्यक्ष राम अवतार सिंह, वरिष्ठ महामंत्री मनोज भाटी, दिनेश महावर, प्रवीण सक्सेना, ओमपाल शर्मा, अंकित कौशिक, सत्यनारायण गोयल सहित अनेक व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.