कैथल: कार चलाना सीख रहे 19 वर्षीय राहुल की मौत, 20 फुट गहरी ड्रेन में गिरी गाड़ी

कैथल में कार चलाना सीख रहे 19 वर्षीय राहुल की दर्दनाक मौत। गाड़ी असंतुलित होकर अंबाला रोड स्थित 20 फुट गहरी ड्रेन में जा गिरी। पुलिस ने शुरू की जांच।

कैथल: अंबाला रोड पर मंगलवार सुबह कार चलाना सीख रहे राहुल (19) निवासी झुग्गी, अंबाला रोड कैथल की मौत हो गई। कार असंतुलित होकर करीब 20 फुट गहरी कैथल ड्रेन में जा गिरी। हादसे के समय जोरदार धमाका हुआ जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही डायल 112 और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहुल को बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिटी थाना के जांच अधिकारी ए.एस.आई. राजीव कुमार ने बताया कि मृतक के दादा नथू राम के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है।

मृतक के चाचा वीरेंद्र ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 30 वर्षों से कैथल में रह रहा है और सभी सदस्य सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करते हैं। राहुल भी मजदूरी करता था। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है जबकि उसकी मां उसे दादा-दादी के पास छोड़कर चली गई थी।

बताया गया कि करीब 15 दिन पहले ही राहुल कार चलाना सीखने के लिए एक पुरानी गाड़ी लेकर आया था। वह रोज सुबह एक अन्य युवक के साथ प्रैक्टिस करने जाता था। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उसका साथी नहीं मिला तो वह अकेला ही गाड़ी लेकर ड्रेन के पास पहुंच गया। करीब 7 बजे अचानक गाड़ी असंतुलित हो गई और ड्रेन में जा गिरी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.