कैथल में पोलिया के 2 और खसरे के 5 संदिग्ध केस, जांच के लिए दिल्ली भेजे गए सैंपल

कैथल जिले में पोलियो के 2 और खसरे के 5 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल दिल्ली लैब भेजे।

कैथल: जिले के पोलियो के दो और खसरे के पांच संदिग्ध मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को इन बच्चों के सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं। 15 दिन बाद रिपोर्ट आने पर असली बीमारी की पुष्टि होगी। जनवरी से अब तक स्वास्थ्य विभाग 25 सैंपल जांच के लिए भेज चुका है और जिनमें से 23 की रिपोर्ट निगेटिव मिली व दो की रिपोर्ट अभी आनी है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नवराज सिंह ने बताया कि पोलियो संदिग्ध दोनों बच्चों के तेज बुखार के साथ शरीर में कमजोरी की शिकायत के बाद बच्चों के मल के सैंपल लेकर जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं। दोनों बच्चे पांच साल से कम उम्र के हैं। एक बच्चा पीएचसी देवबन व दूसरा क्योड़क पीएचसी क्षेत्र से संबंधित हैं।

उनका कहना है कि 15 वर्ष तक के बच्चों में बुखार के साथ अचानक हाथ-पैर में कमजोरी या ढीलापन आने पर उसे एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस का संदिग्ध मामला मानकर निगरानी की जाती है। इसके साथ ही खसरा-रूबेला के 5 संदिग्धों के सैंपल भी जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं। ये रूटीन जांच प्रक्रिया का हिस्सा है। एक लाख की आबादी पर हर साल दो सैंपल लेने होते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.