क्या रोहित शर्मा खेलेंगे 2027 वर्ल्ड कप? खराब फॉर्म और आंकड़े बने बाधा

क्या रोहित शर्मा 2027 वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा होंगे? खराब फॉर्म, साउथ अफ्रीका में औसत रिकॉर्ड और यशस्वी जायसवाल की दावेदारी ने खड़े किए कई सवाल। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बेल्लेबाज रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर को लेकर इन दिनों कयासों का बाजार गर्म है. इंग्लैंड के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के बीच उनके संन्यास को लेकर सोशल मीडिया पर तमाम अफवाहें उड़ीं, हालांकि बीसीसीआई ने इन खबरों को खारिज कर दिया है. इसके बावजूद, सबसे बड़ा सस्पेंस यह बना हुआ है कि क्या रोहित शर्मा साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे या नहीं? लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये भी है कि आखिर क्यों रोहित शर्मा को 2027 वर्ल्ड कप में न ले जाने का विचार हो रहा है और अगर ऐसा होता है तो क्या ये फैसला सही होगा?

रोहित शर्मा को वर्ल्ड कप के लिए नहीं चुनना सही है?

गौर करने वाली बात यह है कि साल 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित शर्मा को वनडे टीम की कप्तानी से भी हटा दिया गया था. बोर्ड के इस चौंकाने वाले फैसले के बाद से ही यह संकेत मिलने लगे थे कि सेलेक्टर्स अब रोहित से आगे की सोच रहे हैं और उनके लिए 2027 के वर्ल्ड कप तक टीम में जगह बनाए रखना काफी मुश्किल होगा. वहीं, अब उनके खराब प्रदर्शन ने भी उनकी जगह को खतरे में डाल दिया है.

मौजूदा साल में काफी लचर प्रदर्शन

रोहित शर्मा का बल्ला इस साल वनडे क्रिकेट में पूरी तरह खामोश रहा है. इस साल खेले गए 8 वनडे मैचों में वे 30.12 की खराब औसत से सिर्फ 241 रन ही बना सके हैं, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है. इंग्लैंड सीरीज से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ भी वो फ्लॉप रहे थे. वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के पहले मैच में 11 रन बनाने के बाद, कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में भी वो 47 गेंदों में सिर्फ 26 रन ही बना सके थे.

साउथ अफ्रीका का खराब रिकॉर्ड है सबसे बड़ी वजह

साल 2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है. लेकिन साउथ अफ्रीका की पिचों पर रोहित शर्मा का रिकॉर्ड काफी शर्मनाक रहा है. रोहित ने साउथ अफ्रीका में अब तक 14 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने सिर्फ 19.69 की खराब औसत और 68.44 के धीमे स्ट्राइक रेट से सिर्फ 256 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक निकला है.

उन्होंने साउथ अफ्रीका का आखिरी दौरा साल 2018 में किया था, जहां 6 वनडे मैचों में उन्होंने 170 रन बनाए थे. इस दौरे पर ही उन्होंने 115 रनों की एक शतकीय पारी खेली थी, यानी अगर उस एक पारी को हटा दिया जाए तो बाकी के मैचों में वो रन बनाने के लिए पूरी तरह तड़पते नजर आए थे. ऐसे में साउथ अफ्रीका की उछाल भरी पिचों पर उनका यह इतिहास टीम इंडिया के लिए बड़ा जोखिम साबित हो सकता है.

यशस्वी जायसवाल का तूफान बना बड़ा खतरा

24 साल के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का धमाकेदार फॉर्म भी रोहित शर्मा के करियर के लिए सबसे बड़ा खतरा बनकर उभरा है. जायसवाल ने साल 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ ही अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने अब तक अपने करियर में कुल 6 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 71.25 की बेमिसाल औसत से 285 रन ठोक दिए हैं. इस छोटे से सफर में वो 2 शानदार शतक भी जमा चुके हैं. उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था, जहां उन्होंने नाबाद 110 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेली थी.

जायसवाल का यह प्रदर्शन भी सेलेक्टर्स को मजबूर कर रहा है कि उन्हें शुभमन गिल के साथ भविष्य के नियमित ओपनर के तौर पर तैयार किया जाए. इससे टीम इंडिया को ओपनिंग में एक बेहतरीन राइट एंड लेफ्ट कॉम्बिनेशन भी मिल जाएगा, जो 2027 वर्ल्ड कप में भारत के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.