गन्नौर एनकाउंटर: पुलिस मुठभेड़ में मोस्ट वांटेड अपराधी गोपाल ढेर
गन्नौर में पुलिस और कुख्यात बदमाश गोपाल के बीच मुठभेड़। मोस्ट वांटेड गोपाल की मौत, एक पुलिस जवान घायल। जानें कैसे पैरोल से फरार अपराधी का अंत हुआ।
गन्नौर : गन्नौर में खुबडू-नदिपुर माजरा रोड पर उस समय सनसनी फैल गई जब सीआईए-1 सोनीपत और सीआईए गन्नौर की संयुक्त टीम का सामना कुख्यात बदमाश गोपाल से हो गया। पुलिस के अनुसार टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गोपाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस जवान भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस आयुक्त ममता सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
आरोपी पर दर्ज थे कई मामले
पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने बताया कि आरोपी गोपाल पर हत्या, हत्या के प्रयास, शराब ठेके पर लूट, तोड़फोड़ और आगजनी समेत कई जघन्य मामलों के मुकदमे दर्ज थे। वह दो मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसे 70 दिन की पैरोल मिली थी, लेकिन 23 मई को जेल में सरेंडर करने के बजाय वह फरार हो गया था।
पुलिस ने मौके से हथियार कब्जे में लिए
वहीं डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान ने बताया कि सूचना मिली थी कि गोपाल किसी व्यक्ति की हत्या करने की नीयत से क्षेत्र में आया हुआ है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की थी। फिलहाल पुलिस ने मौके से दो हथियार और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दोनो तरफ से करीब 10 से 15 राउंड फायर हुए है।