गन्नौर के बेगा गांव में पानी के विवाद में बुजुर्ग महिला की मौत, सरपंच और साथी पर केस दर्ज
गन्नौर के बेगा गांव में पंचायती RO पर पानी पीने को लेकर हुए विवाद में 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत। पुलिस ने सरपंच समेत दो पर केस दर्ज किया।
सोनीपत: बेगा गांव में पंचायती आरओ पर पानी पीने गए बच्चों के विवाद ने तूल पकड़ लिया. बच्चों की शिकायत के बाद दो पक्ष आमने सामने हो गए. बीच बचाव करने गई 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इस विवाद में मौत हो गई. मृतका के बेटे ने गांव के सरपंच सुरेंद्र और संदीप पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सोनीपत में पानी विवाद में बुजुर्ग महिला की मौत: सोनीपत के गन्नौर के गांव बेगा में पंचायती आरओ पर पानी पीने गए बच्चों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. आरओ के पास मौजूद बंटी ने तीन बच्चों के साथ मारपीट की. इसके बाद बच्चे अपने परिजनों के पास पहुंच गए. पीड़ित चांद प्रकाश ने बताया कि कुछ देर बाद बंटी वहां पहुंचा और एक बच्चे के साथ फिर मारपीट करने लगा. इस दौरान संदीप भी मौके पर पहुंच गया.
गांव के सरपंच पर गंभीर आरोप: चंद्रप्रकाश ने बताया कि गांव का सरपंच सुरेंद्र भी वहां आया और संदीप को उकसाया. जिसके बाद चंद्रप्रकाश के साथ मारपीट की गई. इस दौरान उसकी 73 वर्षीय मां मूर्ति देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं. संदीप ने बुजुर्ग महिला की गर्दन और छाती पर मुक्के मारे. इसके बाद महिला ने सांस लेने में परेशानी हुई. इसके बाद मूर्ति देवी ने दम तोड़ दिया.
पुलिस मामले की जांच में जुटी: पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि “शिकायत के आधार पर सरपंच व संदीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.”