गलत तरीके से सफाई से खराब हो सकता है कीबोर्ड, जानें साफ करने का सही तरीका

लगातार इस्तेमाल से लैपटॉप कीबोर्ड में जमी धूल को साफ करते वक्त सावधानी बरतें। जानें कौन सी 4 गलतियां आपके लैपटॉप को खराब कर सकती हैं।

आज के दौर में लैपटॉप हमारी रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है. ऑफिस का काम हो, पढ़ाई हो या घर से जुड़ा कोई जरूरी काम, कई घंटे लैपटॉप पर बिताना आम बात है. लगातार इस्तेमाल की वजह से कीबोर्ड पर धूल-मिट्टी जमने के साथ-साथ खाने के छोटे-छोटे कण भी बटनों के बीच फंस जाते हैं. ऐसे में कीबोर्ड की समय-समय पर सफाई करना जरूरी है.

हालांकि, सफाई के दौरान थोड़ी सी लापरवाही आपके महंगे लैपटॉप के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है. गलत तरीके से सफाई करने पर कीबोर्ड खराब होने से लेकर अंदर के इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स को नुकसान पहुंचने तक का खतरा रहता है. इसलिए कीबोर्ड साफ करते समय कुछ बातों का खास ध्यान रखना चाहिए.

लैपटॉप ऑन रखकर सफाई न करें

कीबोर्ड साफ करने से पहले लैपटॉप को पूरी तरह बंद कर दें. अगर चार्जर लगा हुआ है तो उसे भी हटा दें. चालू लैपटॉप पर सफाई करने से गलती से कोई की दब सकती है और अनचाहा कमांड चल सकता है. इतना ही नहीं, अगर सफाई के दौरान नमी अंदर चली जाए तो शॉर्ट सर्किट का जोखिम भी बढ़ सकता है.

कीबोर्ड पर सीधे लिक्विड न डालें

कीबोर्ड की सफाई के लिए पानी या किसी क्लीनिंग लिक्विड को सीधे बटनों पर स्प्रे करना खतरनाक हो सकता है. तरल पदार्थ कीबोर्ड के छोटे-छोटे गैप से अंदर पहुंचकर संवेदनशील इलेक्ट्रॉनिक हिस्सों को नुकसान पहुंचा सकता है.अगर क्लीनिंग लिक्विड का इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो उसे सीधे लैपटॉप पर डालने के बजाय माइक्रोफाइबर कपड़े पर थोड़ी मात्रा में लगाएं। इसके बाद कपड़े से सतह को धीरे-धीरे साफ करें.

लैपटॉप को जोर से न झटकें

बटनों के बीच फंसी गंदगी निकालने के लिए लैपटॉप को उल्टा करके जोर से थपथपाना या हिलाना सही तरीका नहीं है. इससे कीबोर्ड के बटन या अंदर मौजूद नाजुक हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है.इसके बजाय लैपटॉप को सावधानी से थोड़ा तिरछा करें और हल्की सफाई करें, ताकि ढीली धूल बाहर निकल सके.

हार्ड ब्रश और तेज केमिकल से दूरी रखें

कीबोर्ड को साफ करने के लिए कठोर ब्रश या तेज केमिकल का इस्तेमाल करने से बचें. इससे कीबोर्ड की सतह पर खरोंच आ सकती है और बटनों पर लिखे अक्षर भी धीरे-धीरे मिट सकते हैं.सफाई के लिए मुलायम ब्रिसल वाले ब्रश या साफ माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प है.

कीबोर्ड साफ करने का सही तरीका क्या है?

सबसे पहले लैपटॉप को शटडाउन करें और चार्जर निकाल दें. फिर मुलायम ब्रश की मदद से कीबोर्ड के बीच फंसी धूल को धीरे-धीरे बाहर निकालें. जरूरत पड़ने पर कंप्रेस्ड एयर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है, लेकिन उसे उचित दूरी से और सावधानी के साथ इस्तेमाल करें.

सूखी गंदगी निकल जाने के बाद माइक्रोफाइबर कपड़े को हल्का नम करके कीबोर्ड की सतह पोंछें.ध्यान रखें कि कपड़े से पानी टपकना नहीं चाहिए। सफाई के बाद लैपटॉप को कुछ समय सूखने दें और उसके बाद ही दोबारा इस्तेमाल करें. छोटी-सी सावधानी न सिर्फ कीबोर्ड को साफ रखती है, बल्कि आपके लैपटॉप को अनावश्यक नुकसान से भी बचा सकती है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.