गाजियाबाद: आदर्श इंडस्ट्रीज में हादसे का शिकार हुआ बिहारी मजदूर, संतोष अस्पताल में तोड़ा दम
गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र की एक तार फैक्ट्री में काम करने के दौरान मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी संतोष अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें।
गाजियाबाद जिले में थाना मसूरी क्षेत्र स्थित ‘आदर्श इंडस्ट्रीज उद्योग कुंज गार्डन एन्क्लेव’ में तार बनाने की फैक्टरी में काम करने के दौरान एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
🏥 संतोष अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को उद्योग कुंज गार्डन एन्क्लेव स्थित जी-13 आदर्श इंडस्ट्रीज के मालिक विभोर गोयल द्वारा फैक्टरी में काम के दौरान घायल हुए 40 वर्षीय मजदूर सतेन्द्र (पुत्र विशुन देव महतो) को इलाज के लिए संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सतेंद्र मूल रूप से बिहार के निवासी थे और वर्तमान में मोहन नगर, गाजियाबाद में रह रहे थे।
🚨 पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार रात लगभग साढ़े आठ बजे इलाज के दौरान सतेन्द्र की मौत हो गई, जिसकी सूचना रात करीब 11 बजे अस्पताल से मेमो मिलने पर प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना मसूरी पुलिस संतोष अस्पताल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल की मोर्चरी में मृतक का शव सुरक्षित रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी और भाई भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए हिंडन मोर्चरी भेज दिया है। एसीपी ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलते ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।