गाजियाबाद: डीएम ने बुजुर्ग महिला को दिलाया घर का कब्जा; भूमाफियाओं पर एक्शन

गाजियाबाद डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बुजुर्ग महिला को दबंग के चंगुल से मुक्त कराकर दिलाया घर का कब्जा। सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद के घर पर भी चस्पा हुआ नोटिस।

गाजियाबाद के विजय नगर में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के साथ एक दबंग व्यक्ति द्वारा कथित धोखाधड़ी और मकान पर अवैध कब्जे के मामले में जिला प्रशासन की सराहनीय कार्रवाई लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। गाजियाबाद के डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर पुलिस द्वारा जांच के बाद महिला को उसके मकान का कब्जा वापस दिलाया गया। मकान का कब्जा मिलने होने के बाद डीएम खुद उस महिला से मिलने घर पहुंचे और उसी के हाथ से घर का ताला भी खुलवाया।

डेढ़ लाख के बदले मांगे 7 लाख रुपये

दरअसल, विजय नगर सेक्टर-11 बी-26 निवासी चंचल ने जनता दर्शन में डीएम से शिकायत की थी कि उसने ताज मोहम्मद नाम के एक व्यक्ति से 1.50 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि रुपयों के बदले आरोपी ने उसके मकान के मूल दस्तावेज गिरवी रख लिए था। इसके बाद ताज मोहम्मद ने ब्याज की रकम बढ़ाकर 7 लाख रुपये बताई। महिला का आरोप था कि आरोपी ने जबरन उसके मकान पर कब्जा कर उसे किसी दूसरे व्यक्ति को दे दिया था। कई बार पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।

जांच में सही पाए गए आरोप

डीएम ने महिला की शिकायत को बेहद गंभीरता से लेते हुए तुरंत एसडीएम सदर और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर इस मामले की जांच के आदेश दिए थे। जांच में महिला की शिकायत सही पाई गई।

पहले भी जेल जा चुका है ताज मोहम्मद

इसके अलावा जांच रिपोर्ट में यह बात भी सामने आया कि आरोपी ताज मोहम्मद पूर्व में भूमि कब्जे से जुड़े मामले में जेल जा चुका है।

डीएम को घर पर देख भावुक हो गई महिला

सोमवार को प्रशासनिक और पुलिस टीम की मौजूदगी में पीड़ित महिला चंचल को उसके मकान का कब्जा वापस दिलाया गया। कब्जा मिलने के बाद डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ खुद पुलिस टीम के साथ चंचल के घर पहुंचे। डीएम को देख वह भावुक हो गईं। डीएम ने खुद चंचल के हाथ से ही उसके घर का ताला खुलवाया। इस मौके पर महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ का आभार जताया। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सूर्या हत्याकांड: असद के घर पर नोटिस चस्पा

बता दें कि, गाजियाबाद के खोड़ा में 11वीं क्लास के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर के बाद अब प्रशासन ने उसके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया है। नोटिस में 15 दिन में अवैध कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई है और ऐसा नहीं करने पर अतिक्रमण हटाओ के तहत कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम द्वारा जारी नोटिस खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार स्थित असद के घर के मुख्य दरवाजे पर चस्पा किया गया। इलाके में लाउडस्पीकर और ढोल बजाकर घोषणा की गई कि जिस जमीन पर घर बना है, उस पर रूप से अवैध कब्जा है। नोटिस में कब्जाधारकों को 15 दिन के भीतर एसडीएम के समक्ष जवाब दाखिल करने को कहा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.