गाजियाबाद: दरोगा पर रेप का आरोप लगाकर युवती ने पिया जहरीला पदार्थ
गाजियाबाद में शादी का झांसा देकर रेप के आरोप के मामले में कार्रवाई न होने से आहत युवती ने पुलिस ऑफिस में जहरीला पदार्थ पिया। अस्पताल में भर्ती, जांच जारी।
गाजियाबाद की खोड़ा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने स्थानीय थाने में तैनात दरोगा पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से आहत युवती सोमवार को पुलिस ऑफिस (आरडीसी स्थित मुख्यालय) पहुंची और जहरीला पदार्थ पी लिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है।
जानकारी के मुताबिक युवती काफी समय से दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। उसका आरोप है कि दरोगा ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए, लेकिन बाद में मुकर गया। शिकायत पर पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच एसीपी महिला अपराध को सौंपी थी। जांच लंबित रहने के बीच युवती सोमवार को पुलिस ऑफिस पहुंची और जहरीला पदार्थ पी लिया।
निष्पक्ष जांच कराई जा रही है: अधिकारी
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच कर उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार युवती की हालत अब खतरे से बाहर और सामान्य है। आरोपी दरोगा के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। अब युवती के बयान दर्ज कर अन्य साक्ष्यों और तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।
पीड़िता के बयान दर्ज किए गए : एसीपी
एसीपी महिला क्राइम शुचिता सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवती को दो बार बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुई। दो दिन पहले युवती की मामी से फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया था कि युवती अस्पताल में भर्ती है। मंगलवार को भी उसे बयान के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह सोमवार को ही पुलिस ऑफिस पहुंच गई, जहां उसके द्वारा कोई पदार्थ पीने की जानकारी मिली।
किशोरी को बहलाकर ले जाने का आरोप
गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में 17 साल की किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि 17 जुलाई को उनकी बेटी को पड़ोस में ही किराये पर रहने वाला फर्रुखाबाद के कायमगंज निवासी दानिश साथ ले गया। दानिश के साथ उसका भाई नाजिश भी शामिल है। सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी को जल्द बरामद किया जाएगा।
विवाहिता की हत्या के प्रयास का आरोप
गाजियाबाद में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों द्वारा ऑलआउट पिलाकर विवाहिता की हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। दिल्ली गेट द्वारकापुरी निवासी सिफा परवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका निकाह नवंबर 2024 में डासना देहात निवासी जानुल आबेदीन कुरैशी से हुआ था। पति, सास-ससुर और ननद अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। अगस्त 2025 में सभी आरोपी कमरे में पहुंचे और ऑलआउट उसके मुंह में उड़ेल दी। पति ने चाकू से हमला किया, जिससे उसके हाथ में चोट आई। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि पति, सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।