गाजियाबाद: पसौंडा में झील की जमीन पर अवैध कब्जा, महापौर ने दिए जांच के आदेश
गाजियाबाद के पसौंडा में खसरा नंबर 1563/1, 1562 और 1664 पर झील की जमीन कब्जा कर बनाया भवन। महापौर सुनीता दयाल ने अधिकारियों की भूमिका की जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
गाजियाबाद। पसौंडा में झील की जमीन कब्जा कर भवन बनाने के मामले की जांच होगी। महापौर ने कहा कि आरोपियों से जमीन खाली कराई जाएगी। जमीन पर कब्जा कराने में निगम अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं है इसकी भी जांच कराई जा रही है। महापौर सुनीता दयाल ने बताया पसौंडा शालीमार गार्डन मैन में खसरा नंबर 1563/1,1562, 1664 झील की जमीन है। इसकी पुष्टि तहसील से हुई है। जमीन पर कब्जा कर भवन बना दिया। लेकिन निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। महापौर ने लोगों से इस खसरे और प्लॉट की खरीदारी में जागरूक रहने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। किन लोगों की मदद से निगम की जमीन पर कब्जा हुआ और इसके बाद निर्माण करा दिया इसका पता लगाया जा रहा है। निगम अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत पूर्व में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री को पोर्टल पर की गई है।