गाजियाबाद में एनएच-9 पर थार ने पुलिस बाइक को मारी टक्कर, गौतमबुद्धनगर पीआरवी के होमगार्ड की मौत
गाजियाबाद के एनएच-9 पर थार की टक्कर से गौतमबुद्धनगर पीआरवी के होमगार्ड कपिल कुमार की मौत। आरोपी थार चालक गिरफ्तार।
गाजियाबाद। एनएच-नौ पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में गौतमबुद्धनगर पीआरवी के होमगार्ड कपिल कुमार की मौत हो गई। एक अनियंत्रित थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पीआरवी पर तैनात सिपाही प्रवीण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने आरोपी थार चालक सोनू गांधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने थार को भी कब्जे में ले लिया है। घायल सिपाही प्रवीण कुमार ने थार चालक के खिलाफ क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में केस दर्ज कराया है।
सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी ने बताया कि लाल रंग की थार का मालिक सोनू गांधी है। वह तुराबनगर में कपड़े की दुकान चलाता है। सोनू गांधी ने पूछताछ में बताया कि वह बुधवार शाम कपड़ों का ऑर्डर देकर नोएडा से लौट रहा था। पुलिस ने आरोपी सोनू गांधी का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।